उत्तर प्रदेश

डायल 112 पर कॉल, PRV करेगी शिकायत दर्ज : अब थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे

शाहजहांपुर में पुलिस मामलों में पीड़ितों को बिना भाग-दौड़ के जल्द न्याय दिलाने की पहल

शाहजहांपुर : शाहजहांपुर जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने एवं पीड़ित को बिना भाग-दौड़ किये त्वरित न्याय दिलाने के लिए एक अनोखी पहल की गयी है।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित का कहना है कि किसी भी मामले में अब ‘पुलिस रिस्पांस व्हीकल’ (PRV) सेवा के कर्मचारी सीधे शिकायतकर्ताओं से तहरीर लेकर उसे सम्बन्धित थाने तक पहुंचाएंगे, फलस्वरूप शिकायत पर त्वरित कार्रवाई होने के साथ-साथ लोगों को बार-बार थाने जाने की जहमत नहीं करनी होगी।

दीक्षित ने मंगलवार को बताया कि अक्सर यह देखा जाता है कि बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर जिले के दूर-दराज इलाकों से मुख्यालय आते हैं जिससे उनके पैसे और समय दोनों ही बर्बाद होते हैं, मगर इन सब मामलों में ज्यादातर यह पाया गया कि शिकायत अक्सर थाने पर घटना के काफी देर बात की जाती है और पूरे घटनाक्रम को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जाता है।

उन्होंने बताया कि इस पहल में PRV शाखा को निर्देश दिए गए हैं कि पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर पीड़ित से प्रार्थना पत्र लेंगे और उसे तत्काल सम्बन्धित थाने में भेजेंगे एवं थाना प्रभारी की जिम्मेदारी होगी कि वह उस पर तत्काल कार्रवाई करे।

दीक्षित ने कहा कि इसके लिये पीड़ित पक्ष डायल 112 पर फोन करके सूचना देगा, जिसके बाद PRV टीम मौके पर पहुंचेगी और खुद प्रार्थनापत्र लेकर उसे सम्बन्धित थाने में भेजेगी।

उन्होंने बताया कि इससे पहले तक PRB टीम मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को थाने भेजती थी, ऐसे में उनका समय और पैसे दोनों बर्बाद होते थे लेकिन अब उन्हें थाने जाने की जरूरत नहीं होगी और पुलिस उनसे स्वयं संपर्क करेगी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रविवार को शुरू की गयी इस पहल के अच्छे नतीजे भी मिल रहे हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान पीआरबी टीम ने 66 शिकायतों को सम्बन्धित थाने पहुंचाया जिनमें से आधी से ज्यादा को निस्तारित किया जा चुका है। इस पहल की प्रगति की वह समय-समय पर समीक्षा करेंगे।

SCROLL FOR NEXT