हादसा 
उत्तर प्रदेश

बाराबंकी में खड़े पिकअप वाहन से टकराई एंबुलेंस, पांच की जान गई

बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ दर्दनाक सड़क हादसा

Santosh Sharma

बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार शववाहिनी एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े एक पिकअप वाहन से पीछे से जा टकराई।

इस भीषण दुर्घटना में एंबुलेंस में सवार पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह एंबुलेंस राजस्थान के जयपुर से एक शव को लेकर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले की ओर जा रही थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे सुबेहा थाना क्षेत्र के घेरावां गांव के पास हुआ। बाराबंकी की पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी के अनुसार, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आगे एक पिकअप वाहन खड़ा था, जिसे पीछे से आ रही शववाहिनी एंबुलेंस ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत एवं बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी पांचों लोगों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों में एंबुलेंस के दो चालक और तीन अन्य यात्री शामिल हैं। पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कर ली है। दोनों चालकों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी अमीनुल हक (40) और रुपिक (50) के रूप में हुई है। वहीं, अन्य तीन मृतक राजस्थान के रहने वाले थे, जिनकी पहचान मकबूल खान (52), हरिओम योगी (31) और अजय (33) के तौर पर की गई है।

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी गहनता से जांच की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT