सांकेतिक तस्वीर 
उत्तर प्रदेश

माइक्रोफाइनेंस लूटकांड के 4 आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, 1 के पैर में गोली

रिकवरी एजेंट से 32 हजार की लूट का खुलासा, तीन साथी भी हिरासत में

सुलतानपुर : उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में दो दिन पहले हुई लूट की घटना के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी में ‘रिकवरी एजेंट’ के रूप में कार्यरत रामकृष्ण विश्वकर्मा ने सात मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि काम से लौटते समय बदमाशों ने हथियार के बल पर उनसे 32 हजार रुपये लूट लिए।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे।

सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे सूचना मिली कि आरोपी लूट की रकम का बंटवारा करने के लिए कोतवाली नगर क्षेत्र में इकट्ठा हुए हैं। इसके बाद स्थानीय पुलिस और विशेष अभियान समूह (SOG) की टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को घेर लिया।

उन्होंने बताया कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस दौरान लंभुआ निवासी प्रतीक भारती के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य आरोपी प्रिंस, सुफियान और अनुभव को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 24,500 रुपये बरामद किए गए हैं और पूछताछ में उन्होंने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

SCROLL FOR NEXT