दुर्घटनाग्रस्त रोपवे को देखते लोग। 
टॉप न्यूज़

रोपवे हादसे में महिला की गई जान

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक पहाड़ी मंदिर से नीचे उतरते समय रोपवे ट्रॉली के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण एक महिला की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हुए।

Narendra Kumar Singh

महासमुंदः छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक पहाड़ी मंदिर से नीचे उतरते समय रोपवे ट्रॉली के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण एक महिला की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हुए। बागबाहरा की उपमंडल मजिस्ट्रेट नमिता मारकोले ने बताया कि हादसा सुबह करीब 10 बजे उस समय हुआ, जब पहाड़ी से सात यात्रियों को नीचे लाते समय ट्रॉली का केबल टूट गया। इससे पहले ट्रॉली में आठ लोगों के सवार होने की सूचना दी गई थी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर दुख व्यक्त किया और इसकी विस्तृत जांच के आदेश दिए।

अधिकारियों के अनुसार ट्रॉली करीब 200 से 300 फुट की ऊंचाई से नीचे आ गिरी। घटना नौ दिवसीय नवरात्रि उत्सव के दौरान बागबाहरा तहसील के खल्लारी (भीमखोज) गांव स्थित खल्लारी माता मंदिर में हुई। लगभग 1,100 फुट की ऊंचाई पर स्थित इस पहाड़ी मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालु आमतौर पर रोपवे सेवा का उपयोग करते हैं, जबकि करीब 900 सीढ़ियां चढ़कर भी मंदिर तक पहुंचा जा सकता है।

एसडीएम ने बताया कि रायपुर निवासी आयुषी सतकार (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति ऋषभ धवरे (29) और रिश्तेदार छायांश धवरे (16) समेत छह लोग घायल हो गए। अन्य घायलों की पहचान गोविंद स्वामी (47), नमिता स्वामी (48) और कुष्मिता स्वामी (10) तथा मानशवी गोदारिया (12) के रूप में हुई है। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चार को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया।

महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुई रोपवे दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है।-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

हादसे के बाद, करीब 10 यात्रियों को लेकर ऊपर जा रही एक अन्य ट्रॉली को तुरंत नीचे लाया गया। अधिकारियों ने बताया कि उसमें सवार यात्रियों को तेज झटका जरूर लगा, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुई रोपवे दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। दुर्घटना में एक श्रद्धालु के निधन के समाचार से मन व्यथित है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।’’

SCROLL FOR NEXT