कोलकाताः वाम मोर्चा ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 192 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची की घोषणा की, जिसमें राज्यसभा के निवर्तमान सदस्य विकास रंजन भट्टाचार्य और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की केंद्रीय समिति की सदस्य मीनाक्षी मुखर्जी प्रमुख प्रत्याशियों में शामिल हैं।
भट्टाचार्य कोलकाता के दक्षिणी बाहरी क्षेत्र के जादवपुर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे, जबकि वाम मोर्चा की युवा चेहरा मुखर्जी हुगली जिले के उत्तरपारा से लड़ेंगी। मुखर्जी को 2021 के चुनाव में नंदीग्राम से उम्मीदवार बनाया गया था और वह भाजपा के शुभेंदु अधिकारी एवं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी के बाद तीसरे स्थान पर रही थीं।
वाम मोर्चा ने कालीगंज से माकपा उम्मीदवार सबीना यास्मीन को चुनाव मैदान में उतारा है। वह तमन्ना की मां हैं, जिसकी पिछले साल जून में इस सीट पर उपचुनाव के बाद मतगणना के दिन एक विजय रैली से कथित तौर पर फेंके गए एक देसी बम के फटने पर मौत हो गई थी। यह सीट सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने जीती थी।
वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस ने कहा कि शेष सीट के लिए नामों को तीन से चार दिनों के भीतर अंतिम रूप दे दिया जाएगा और घोषित कर दिया जाएगा। राज्य में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे। वोटों की गिनती चार मई को होगी।