कोलकाताः नववर्ष से पहले कोलकाता और बंगाल के बाकी हिस्सों में ठंड कंपकंपाने लगी है। तापमान में गिरावट के साथ ही सर्द हवाओं ने भी लोगों को मुश्किल में डाल रखा है। कई जिलों में घना कुहासा भी दिखाई दिया है। सोमवार को कोलकाता समेत कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह आसमान में बादल छाये रहने की वजह से सूरज का भी दर्शन नहीं हुआ। अलीपुर मौसम विभाग ने अगले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना जतायी है जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक कोलकाता में सोमवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इस दिन 13.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है। रविवार को यह 14 डिग्री सेल्सियस था। मालूम हो कि शनिवार को तापमान इस सर्द मौसम में सबसे कम 12.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था।
दक्षिण बंगाल में बांकुड़ा में सबसे कम तापमान
अगर हम दक्षिण बंगाल के दूसरे हिस्सों की बात करें तो कुछ जगहों पर तापमान 10 डिग्री से भी नीचे जा चुका है। मसलन बांकुड़ा में सोमवार को 9.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया जो पूरे दक्षिण बंगाल में सबसे कम है। वहीं आसनसोल में भी 10 डिग्री के नीचे 9.5 डिग्री सेल्सियस और बर्दवान में 9.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
कोलकाता महानगर के दूसरे हिस्से और आसपास जगहों में सॉल्टलेक में 13.8 डिग्री, दमदम 13.5 डिग्री, बैरकपुर 11.8 डिग्री, उलुबेरिया में 12.6 डिग्री और कल्याणी में 11.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। उत्तर बंगाल में दार्जिलिंग में सबसे कम 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान बढ़ सकता है। मौसम भी खुला-खुला रह सकता है जिससे लोग राहत महसूस कर सकते हैं।