ढाकाः बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन 17 फरवरी को राष्ट्रीय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे। इस समारोह का दिलचस्प पहलू यह है कि यह राष्ट्रीय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जा रहा है जबकि अभी तक शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति भवन में आयोजित होते रहे हैं।
नये प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ समेत 13 देशों के नेताओं को आमंत्रित किया गया गया है। आमंत्रण मिलने की भारत सरकार की तरफ से इसकी पुष्टि की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बीएनपी नेताओं के साथ सलाह-मशविरा के बाद अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस की तरफ से पीएम मोदी को आमंत्रण पत्र भेजा गया है। लेकिन बड़ा सवाल है कि क्या पीएम मोदी बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान के शपथ समारोह में शामिल होने के लिए ढाका जाएंगे।
दरअसल 17 फरवरी के शपथ समारोह के दिन ही फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों भारत में होंगे। मुंबई में प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी बैठक है। मैक्रों भारत में एआई इपैक्ट समिट में शामिल होने के लिए भारत आ रहे हैं। केवल मैक्रों नही नहीं, बल्कि दुनिया भर कई राष्ट्राध्यक्ष और मंत्री भी इस समिट में हिस्सा लेंगे। इसलिए इसकी कम ही संभावना है कि पीएम मोदी ढाका जा पाएंगे।
बहरहाल बांग्लादेश के बंगभवन (राष्ट्रपति भवन) के एक अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया, ‘‘हमें सूचित किया गया है कि राष्ट्रपति मंगलवार को संसद परिसर में नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे।’’ समाचारपत्र ‘प्रोथोम आलो’ और ‘इत्तेफाक’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, समारोह के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन नव-निर्वाचित सांसदों को पद की शपथ दिलाएंगे, जबकि संविधान के अनुसार यह शपथ अध्यक्ष शिरीन शरमिन चौधरी द्वारा दिलाई जानी चाहिए।
तारिक रहमान के एक प्रमुख सहयोगी ने नाम न उजागर की शर्त पर बताया कि मौजूदा परिस्थितियों ने मामलों को थोड़ा जटिल बना दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘ पिछली संसद की अध्यक्ष को सांसदों को शपथ दिलानी होती है, लेकिन उन्होंने इस्तीफा दे दिया है और अज्ञात स्थान पर रह रही हैं, जबकि उपाध्यक्ष जेल में हैं। इन परिस्थितियों में राष्ट्रपति संविधान में तय प्रावधान के अनुसार किसी और को शपथ दिलाने के लिए चुन सकते हैं।’’
इससे पहले, कैबिनेट सचिव शेख अब्दुर राशिद ने कहा था कि संविधान के अनुरूप राष्ट्रपति नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे, लेकिन उन्होंने समारोह की तारीख नहीं बताई।