इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ को आईसीसी ने 2019 में साल का श्रेष्ठ अंपायर घोषित किया था ( फाइल फोटो )। 
टॉप न्यूज़

T20 विश्व कपः इन दो वरिष्ठ अंपायरों के जिम्मे होगा फाइनल

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को घोषणा की कि इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स वार्फ भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी20 विश्व कप फाइनल में अंपायरिंग करेंगे।

Narendra Kumar Singh

नई दिल्लीः अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को घोषणा की कि इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स वार्फ भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी20 विश्व कप फाइनल में अंपायरिंग करेंगे। इलिंगवर्थ लगातार दूसरे पुरुष टी20 विश्व कप फाइनल में अंपायरिंग करेंगे। इससे पहले वह 2024 में क्रिस गैफनी के साथ फाइनल में अंपायरिंग कर चुके हैं।

गत चैंपियन भारत और न्यूजीलैंड रविवार को अहमदाबाद में ट्रॉफी के लिए एक दूसरे के सामने होंगे। इलिंगवर्थ पुरुष 2023 विश्व कप फाइनल और पुरुष 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भी अंपायरिंग कर चुके हैं।

इलिंगवर्थ के साथ उनके हमवतन वार्फ भी हैं जो पहली बार सीनियर आईसीसी विश्व कप फाइनल में अधिकारी होंगे। वार्फ इससे पहले आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2022 और आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 टूर्नामेंट में अंपायरिंग कर चुके हैं। वह पिछले साल ही आईसीसी के अंपायरों के एमिरेट्स एलीट पैनल में शामिल हुए थे।

न्यूजीलैंड की बुधवार को सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका पर मिली जीत के दौरान भी ये दोनों मौजूद थे। अल्लाहुद्दीन पालेकर फाइनल में तीसरे अंपायर और एड्रियन होल्डस्टॉक चौथे अंपायर होंगे, दोनों ही दक्षिण अफ्रीका के हैं। वहीं मैच रैफरी जिम्बाब्वे के एंडी पायक्रॉफ्ट होंगे।

पालेकर को मार्च 2025 में वार्फ के साथ अंपायरों के एलीट पैनल में शामिल किया गया था और उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान छह मैच में अंपायरिंग की है।

SCROLL FOR NEXT