दुबई : ईरानी मीडिया ने बुधवार को बताया कि महिला एशियाई कप में खेलने वाली राष्ट्रीय महिला फुटबॉल टीम ऑस्ट्रेलिया से स्वदेश वापस लौट आई है। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद ईरान की महिला टीम की कई खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया में शरण मांगी थी, जहां महिला एशियाई कप खेला जा रहा है। मीडिया संस्थानों ने महिलाओं के तुर्की में उतरने और बस से सीमा तक पहुंचने के बाद ईरान में प्रवेश करने के दृश्य साझा किए। सीमा पर कुछ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
ईरान की दो महिला खिलाड़ी फातेमेह पसंदिदेह और अतीफेह रमेजानिसादेह ने ऑस्ट्रेलिया में ही रुकने का फैसला किया। ये दोनों ब्रिस्बेन रोर क्लब के साथ ट्रेनिंग कर रही हैं। महिला एशियाई कप से टीम के बाहर होने के बाद ईरान की कुछ खिलाड़ियों ने शुरू में ऑस्ट्रेलिया में शरण मांगी थी, लेकिन बाद में उन्होंने अपना फैसला बदल दिया। ईरान की टीम 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने से कुछ समय पहले ही इस टूर्नामेंट के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंची थी।
टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद टीम को स्वदेश लौटना था लेकिन ईरान में हो रही बमबारी के बीच ऑस्ट्रेलिया की सरकार से इन महिला खिलाड़ियों को शरण देने की मांग जोर पकड़ने लगी। ऑस्ट्रेलिया में मौजूद ईरानी समूह और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की थी। ईरान के उपराष्ट्रपति मोहम्मद रेजा आरेफ ने पिछले हफ्ते उन आशंकाओं को खारिज कर दिया कि घर लौटने पर ये महिलाएं असुरक्षित होंगी। उन्होंने कहा कि देश ‘अपने बच्चों का बांहें फैलाकर स्वागत करता है और सरकार उनकी सुरक्षा की गारंटी देती है।’