टॉप न्यूज़

AI इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का शर्टलेस प्रदर्शन, गिरफ्तार

भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के एक प्रदर्शनी हॉल में पहुंचकर अमेरिका के साथ व्यपार समझौते को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने कुछ देर बाद इन लोगों को वहां से हटाया और हिरासत में ले लिया।

नई दिल्लीः भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के एक प्रदर्शनी हॉल में पहुंचकर अमेरिका के साथ व्यपार समझौते को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने कुछ देर बाद इन लोगों को वहां से हटाया और हिरासत में ले लिया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में विरोध प्रदर्शन के दौरान लगभग 10 लोगों को हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा, “उन्हें तुरंत हटा दिया गया और तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन ले जाया गया। कानून-व्यवस्था की स्थिति को भंग करने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी।”

युवा कांग्रेस से जुड़े प्रदर्शनकारी हॉल नंबर-5 के अंदर मार्च करते हुए पहुंचे। वे सफेद टी-शर्ट पहने या पकड़े हुए थे, जिन पर प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें छपी थीं, तथा उन पर “इंडिया यूएस ट्रेड डील”, “एपस्टीन फाइल्स” और “पीएम इज कम्प्रोमाइज्ड” जैसे नारे लिखे थे।

कुछ प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट भी उतार दी। उनके विरोध प्रदर्शन के चलते वहां अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद कुछ प्रतिभागियों और कुछ प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। मौके पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने कहा कि इस “दुर्भाग्यपूर्ण घटना” के बाद हॉल के अंदर सुरक्षा और कड़ी की जाएगी। यह विरोध प्रदर्शन कुछ ही मिनटों तक चला, जिसके बाद समूह को हॉल से बाहर निकाल दिया गया। इस घटना ने मेहमानों और अन्य आगंतुकों को हैरान कर दिया, क्योंकि ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के मद्देनजर यह अप्रत्याशित था।

यह आयोजन 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में हो रहा है, जिसमें कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, वैश्विक एआई क्षेत्र के नेता, शिक्षाविद, शोधकर्ता, वैश्विक टेक कंपनियों के प्रमुख और परोपकारी भाग ले रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को यहां एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का औपचारिक उद्घाटन किया, जिसमें कई विश्व नेता और वैश्विक टेक कंपनियों के प्रमुख उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT