बेंजामिन नेतन्याहू के साथ पीएम नरेंद्र मोदी ( फाइल फोटो ) 
टॉप न्यूज़

मित्र नेतन्याहू के बुलावे पर पीएम मोदी जल्द जाएंगे इजराइल

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को संपन्न ‘‘कॉन्फ्रेंस ऑफ प्रेसिडेंट्स ऑफ मेजर अमेरिकन ज्यूइश ऑर्गनाइजेशंस’’ को संबोधित करते हुए मोदी की यात्रा की घोषणा की।

यरुशलमः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 और 26 फरवरी को दो दिवसीय इजराइल दौरे पर रहेंगे। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को संपन्न ‘‘कॉन्फ्रेंस ऑफ प्रेसिडेंट्स ऑफ मेजर अमेरिकन ज्यूइश ऑर्गनाइजेशंस’’ को संबोधित करते हुए मोदी की यात्रा की घोषणा की।नेतन्याहू ने कहा, “संसद में संबोधन प्रस्तावित है। अगले सप्ताह यहां कौन आ रहे हैं? नरेन्द्र मोदी।”

उन्होंने कहा, “इजराइल और भारत के बीच गहरी साझेदारी है और हम विभिन्न प्रकार के सहयोग पर चर्चा करने जा रहे हैं। आप जानते हैं कि भारत कोई छोटा देश नहीं है। इसकी आबादी 1.4 अरब है। भारत अत्यंत शक्तिशाली और अत्यंत लोकप्रिय है।”

एक सूत्र ने यहां पीटीआई को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा “संक्षिप्त रहने की संभावना है”, लेकिन “इसका प्रभाव गहरा होगा, क्योंकि मोदी को न केवल इजराइल में, बल्कि दुनिया भर में लोकप्रियता हासिल है।” यात्रा का कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है और इस दौरान मोदी के इजराइली संसद ‘नेसेट’ को संबोधित करने की संभावना है। समझा जाता है कि दो दिवसीय यात्रा के दौरान मोदी द्विपक्षीय और क्षेत्रीय महत्व के सभी मुद्दों को उठाएंगे।

मोदी की यह इजराइल की दूसरी यात्रा होगी। इससे पहले वह जुलाई 2017 में इजराइल गए थे, जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यहूदी राष्ट्र की पहली यात्रा थी। भारतीय प्रधानमंत्री की यह उच्च स्तरीय यात्रा दोनों पक्षों के बीच हाल में हुई कई मंत्रिस्तरीय यात्राओं के बाद हो रही है।

इजराइल के पर्यटन मंत्री हैम काट्ज, अर्थव्यवस्था और उद्योग मंत्री निर बरकत, कृषि एवं खाद्य सुरक्षा मंत्री अवी डिचर तथा वित्त मंत्री बेजालेल स्मोट्रिच ने पिछले वर्ष भारत का दौरा किया था। दोनों रणनीतिक साझेदार देश मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। स्मोट्रिच की यात्रा के दौरान दोनों देशों ने द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) पर हस्ताक्षर किए थे। इसके बाद वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की नवंबर में इजराइल यात्रा के दौरान एफटीए के लिए ‘टर्म्स ऑफ रेफरेंस’ (कार्य के दायरे) पर सहमति बनी।

SCROLL FOR NEXT