कटिहार/ सहरसा : बिहार में चुनावी सरगर्मियां तेज हैं। इस बीच प्रचार के आखिरी चरण में पीएम मोदी कटिहार पहुंचे। जहां उन्होंने आरजेडी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने RJD-कांग्रेस गठबंधन पर आरोप लगाया कि ये दल भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति में लिप्त हैं। कटिहार में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आपका एक वोट बिहार को समृद्ध बनाएगा। फिर एक बार, बिहार में फिर से सुशासन सरकार।
कट्टरपंथ के आगे आत्मसमर्पण
अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, एक राज्य का सबसे भ्रष्ट परिवार है और दूसरा देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। दोनों मिलकर गरीबों के लिए आने वाला पैसा लूटते हैं। मोदी ने कहा, कांग्रेस और RJD ‘कट्टा और कट्टरपंथी’ जैसे हैं। इसी वजह से इन्होंने तीन तलाक कानून का विरोध किया और अब वक्फ एक्ट को खत्म करने की बात कर रहे हैं क्योंकि इन्होंने कट्टरपंथ के आगे आत्मसमर्पण कर दिया है।जंगलराज की हार होगी
NDA की सरकार बनेगी
पीएम मोदी ने कहा कि NDA विकास की पहचान है जबकि RJD-कांग्रेस विनाश की प्रतीक हैं। नये और प्रथम बार वोट डालने वाले मतदाता बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए वोट करें। पहली बार वोट देने वाले नौजवानों के वोट से NDA की सरकार बनेगी और जंगलराज की हार होगी। बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है, यह रफ्तार रुकनी नहीं चाहिए। फिर एक बार बिहार में सुशासन की सरकार बनेगी। युवाओं की आकांक्षाएं पूरी होंगी और हमारा संकल्प है कि बिहार का युवा, बिहार में ही रोजगार पाए।
बेटियों का सम्मान करना चाहिए
प्रधानमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देते हुए कहा, हमें अपनी बेटियों का सम्मान करना चाहिए। यह जीत हमारी बेटियों के आत्मविश्वास की प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज देश में लगभग 87 लाख स्टार्टअप हैं जिनमें महिलाएं मुखिया या साझेदार हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग हमारी बेटियों का सम्मान नहीं करते। उन्होंने बिहार की महिलाओं और बेटियों का आह्वान किया कि वे जंगलराज वालों से सतर्क रहें, जो इन सुविधाओं को बंद करना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें: KIFF 2025: 'आनंदमठ' से गूंजेगी 'वंदे मातरम' की धुन
देश के संसाधनों पर कब्जा नहीं
पीएम मोदी ने कहा कि RJD-कांग्रेस चाहते हैं कि मुफ्त राशन घुसपैठियों को मिले, न कि बिहार के मूल निवासियों को। हम घुसपैठियों को बिहार और देश के संसाधनों पर कब्जा नहीं करने देंगे।
कांग्रेस ने छठी मइया का अपमान किया
पीएम मोदी ने कहा कि RJD ने कांग्रेस नेताओं को ‘बौना’ बना दिया है। आरजेडी के पोस्टरों पर कांग्रेस नेताओं की तस्वीरें तक गायब हैं। दोनों दलों में अंदरूनी कलह चल रही है। कांग्रेस के नामदार नेता ने RJD को जिताने के लिए छठी मइया का अपमान किया। इतना ही नहीं, केरल कांग्रेस नेताओं ने बिहार के लोगों की तुलना ‘बीड़ी’ से की, यह बेहद शर्मनाक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों या उसके सहयोगी दलों की सरकारें गरीबों को पक्के मकान देने में विफल रही हैं।