टॉप न्यूज़

खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए PM मोदी को मिला न्योता

राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने भेजा निमंत्रण, 5 से 9 जुलाई तक होंगे अंतिम संस्कार कार्यक्रम; भारत ने अभी नहीं की पुष्टि

नई दिल्ली: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। राजनयिक सूत्रों के अनुसार, ईरान की ओर से यह निमंत्रण भारत के विदेश मंत्रालय को भेजा गया है।

हालांकि, भारत सरकार की ओर से अभी तक प्रधानमंत्री मोदी के ईरान जाने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

5 से 9 जुलाई तक होंगे अंतिम संस्कार कार्यक्रम

सूत्रों के मुताबिक, खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़ी रस्में 5 से 9 जुलाई तक आयोजित की जाएंगी। इनमें 5, 6 और 7 जुलाई को तेहरान और कुम में कार्यक्रम होंगे, जबकि अंतिम कार्यक्रम 9 जुलाई को मशहद शहर में आयोजित किया जाएगा।

तीन दशक तक ईरान के सर्वोच्च नेता रहे खामेनेई

अयातुल्ला अली खामेनेई ने करीब तीन दशकों तक ईरान का नेतृत्व किया। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह 28 फरवरी को इजराइल और अमेरिका की संयुक्त सैन्य कार्रवाई में मारे गए थे।

उनके निधन के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सर्वोच्च नेता घोषित किया गया।

भारत ने जताई थी संवेदना

खामेनेई की मौत पर भारत ने कोई औपचारिक राजनीतिक प्रतिक्रिया नहीं दी थी, लेकिन विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास जाकर श्रद्धांजलि संदेश दर्ज कराया था।

अमेरिका-ईरान तनाव का वैश्विक असर

अमेरिका और ईरान के बीच चले संघर्ष का असर कई देशों पर पड़ा। युद्ध के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हुई थी। इससे पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की कीमतों पर भी असर देखने को मिला।

संघर्ष को खत्म करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की कोशिशें भी हुईं। पाकिस्तान में वार्ता के बाद स्विट्जरलैंड में भी बातचीत की पहल की गई थी।

SCROLL FOR NEXT