टॉप न्यूज़

लोग मुझ पर तुष्टीकरण का गलत आरोप लगाते हैं, मैं सही मायने में धर्मनिरपेक्ष हूं : ममता

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता के न्यू टाउन में देवी दुर्गा को समर्पित एक सांस्कृतिक परिसर ‘दुर्गा आंगन’ की आधारशिला रखने के लिये आयोजित समारोह में शामिल हुईं।

कोलकाताः पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को तुष्टीकरण के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह ‘‘सही मायने में धर्मनिरपेक्ष’’ हैं और बिना किसी भेदभाव के सभी धर्मों के कार्यक्रमों में भाग लेती हैं।

वह कोलकाता के न्यू टाउन में देवी दुर्गा को समर्पित एक सांस्कृतिक परिसर ‘दुर्गा आंगन’ की आधारशिला रखने के लिये आयोजित समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा, ‘‘लोग मुझ पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हैं, लेकिन यह सही नहीं है। मैं सही मायने में धर्मनिरपेक्ष हूं।’’ उन्होंने कहा कि वह सभी धर्मों के कार्यक्रमों में भाग लेती हैं।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने यह नहीं बताया कि किसने उन पर ये आरोप लगाए हैं, लेकिन विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अक्सर उन पर मुसलमानों के तुष्टीकरण का आरोप लगाती है। बनर्जी ने कहा, ‘‘जब मैं गुरुद्वारे जाती हूं, तो आप कुछ नहीं कहते, लेकिन जब मैं ईद के कार्यक्रम में जाती हूं, तो मेरी आलोचना करने लगते हैं।’’

SIR प्रक्रिया पर चिंता जताई

बनर्जी ने जारी एसआईआर प्रक्रिया पर भी चिंता जताई और आरोप लगाया कि इसके कारण लोगों को उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है तथा कुछ लोगों की जान भी गई है। उन्होंने दावा किया, ‘‘लोगों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान एक महीने के भीतर 50 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ते रहेंगे और इसके लिए अपनी जान कुर्बान करने को भी तैयार हैं।’’

SCROLL FOR NEXT