टॉप न्यूज़

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ विपक्ष का संसद के अंदर से लेकर बाहर तक हल्लाबोल

विपक्षी सांसदों ने बृहस्पतिवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और सरकार पर भारतीय हितों का ‘समर्पण’ करने का आरोप लगाया।

Narendra Kumar Singh

नई दिल्लीः विपक्षी सांसदों ने बृहस्पतिवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और सरकार पर भारतीय हितों का ‘समर्पण’ करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश, द्रमुक नेता के टी.आर. बालू, समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव और जया बच्चन, भाकपा- (माले) लिबरेशन के सांसद सुदामा प्रसाद सहित अन्य नेताओं ने संसद के मकर द्वार के पास प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

उन्होंने एक बड़ा बैनर ले रखा था जिस पर ‘ट्रैप डील’ लिखा हुआ था। विपक्षी सांसदों ने ‘नरेन्दर सरेंडर’ लिखे हुए पोस्टर भी ले रखे थे। विपक्षी सांसदों ने “देश को बेचना बंद करो” जैसे नारे लगाए। बाद में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कई अन्य कांग्रेस सांसदों के साथ मकर द्वार की सीढ़ियों पर खड़े होकर इस व्यापार समझौते के खिलाफ प्रदर्शन किया।

विपक्ष के हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही स्थगति

वहीं इधर विपक्षी दलों के सदस्यों ने अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को लेकर बृहस्पतिवार को लोकसभा में हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही आरंभ होने के सात मिनट के भीतर ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

सदन की बैठक आरंभ होने पर पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने प्रश्नकाल शुरू कराया। इसी दौरान विपक्षी सदस्य अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को लेकर नारेबाजी करते हुए आसन के निकट पहुंच गए। विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के बीच ही कांग्रेस सदस्य प्रभा मल्लिकार्जुन ने पूरक प्रश्न पूछा, जिसका उत्तर ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद नाईक ने दिया।

पीठीसीन सभापति ने विपक्षी सदस्यों से नारेबाजी बंद करने और सदन चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक से आपकी (कांग्रेस की) महिला सदस्य ने प्रश्न पूछा है। क्या आप नहीं चाहते कि महिला सदस्य प्रश्न पूछें और सदन में उसका उत्तर दिया जाए?’’ तेन्नेटी ने विपक्षी सदस्यों के सदन में तख्तियां लाने को लेकर भी आपत्ति जताई और कहा कि यह सदन के नियमों के विरूद्ध है। हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने 11 बजकर सात मिनट पर सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

SCROLL FOR NEXT