

नई दिल्लीः पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में बृहस्पतिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) टोल प्लाजा के पास एक कार की कंटेनर ट्रक से टक्कर होने से दो महिलाओं की मौत हो गई और दो बच्चों सहित तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना विनोद नगर डिपो के सामने टोल बूथ के पास सुबह 6:43 बजे हुई।
पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटना के संबंध में गाजीपुर थाने को सूचना मिलने के बाद स्थानीय कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि गाजियाबाद की तरफ से आ रही एक किआ सेल्टोस कार टोल प्लाजा के पास एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई।
एक अधिकारी ने बताया, "मौके पर पहुंचने पर टीम ने कार में सवार दो महिलाओं को अचेत पाया। उनकी पहचान दीपांजलि (38) और नीलम गर्ग (55) के रूप में हुई। एक महिला वाहन के बाहर पड़ी मिली, जबकि दूसरी आगे की बाईं तरफ की यात्री सीट पर फंसी हुई थी। दोनों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया।"
कार चालक दीपांशु गर्ग और दो बच्चे, विवान (पांच) और वाशु (तीन) घायल अवस्था में पाए गए। अधिकारी ने कहा, "उन्हें तुरंत इलाज के लिए मैक्स अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।"
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के शवगृह ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि घटनाक्रम के सटीक क्रम और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।