फिरहाद हाकिम के घर पहुंची सीआईडी PTI
टॉप न्यूज़

अब फिरहाद हाकिम के घर पहुंची सीआईडी

विधानसभा में कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले की जांच तेज

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा में कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले की जांच के सिलसिले में राज्य पुलिस की अपराध जांच विभाग (सीआईडी) की एक टीम गुरुवार रात कोलकाता के मेयर और तृणमूल कांग्रेस विधायक फिरहाद हाकिम के चेतला स्थित आवास पहुंची। सूत्रों के अनुसार, जांच अधिकारी उनसे विवादित पत्र पर किए गए हस्ताक्षरों और उससे जुड़े घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ कर सकते हैं।

इस बीच, मामले की जांच के तहत गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस के तीन विधायकों—कैनिंग पूर्व के विधायक बहारुल इस्लाम, हावड़ा मध्य के विधायक अरूप रॉय और महेशतला के विधायक शुभाशीष दास—के हस्तलेखन के नमूने अदालत की निगरानी में एकत्र किए गए। सीआईडी ने हस्तलेखन के नमूने लेने के लिए अदालत का रुख किया था, जिसे कोलकाता की नगर दायरा अदालत ने मंजूरी दे दी थी।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा अध्यक्ष को शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त करने संबंधी एक पत्र सौंपा गया था। आरोप है कि उसी पत्र में हस्ताक्षरों और अन्य विवरणों को लेकर कुछ अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच सीआईडी को सौंप दी। इस पत्र पर तृणमूल विधायक के रूप में फिरहाद हाकिम के भी हस्ताक्षर मौजूद थे। जांच के तहत सीआईडी इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के अन्य विधायकों से भी पूछताछ कर चुकी है।

SCROLL FOR NEXT