नई दिल्लीः नितिन नवीन को मंगलवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। उन्होंने जेपी नड्डा का स्थान लिया है। उनके अध्यक्ष बनने के साथ ही ऐसे वक्त में पार्टी के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत हो गयी है जब वह देश की राजनीति पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
भाजपा के संगठनात्मक चुनावों के निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने संगठनात्मक चुनावों के परिणाम घोषित किए और 45 वर्षीय नवीन को चुनाव प्रमाण पत्र सौंपा, जो पार्टी के शीर्ष पद पर आसीन होने वाले अब तक के सबसे युवा व्यक्ति हैं।
नवीन ने सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया था। लेकिन सिर्फ उन्होंने ही नामांकन किया था, इसलिए वह निर्विरोध अध्यक्ष चुने गये। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आज जब नितिन नवीन पहुंचे तो उनका स्वागत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने किया। उनके अध्यक्ष पदभार ग्रहण के लिए भाजपा मुख्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। मंच पर नवीन का स्वागत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही पार्टी के निर्वतमान अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राजमार्ग मंत्री नीतीन गडकरी भी उपस्थित थे।
सबसे पहले नवीन को पार्टी अध्यक्ष की नियुक्ति का प्रमाण पत्र सौंपा गया। उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र ने उन्हें माला पहनाया और उन्हें बधाई। उसके बाद बाकी अन्य नेताओं ने भी नवीन को बधाई दी।
भाजपा के 12वें अध्यक्ष बने नितिन नवीन
भाजपा मुख्यालय पहुंचने से पहले नितिन नवीन ने दिल्ली में स्थित गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में मत्था टेका। उससे पहले उन्होंने दिल्ली के झंडेवालान देवी मंदिर में श्रद्धा और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर आगामी दायित्वों के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। वह दिल्ली स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर भी गये और वहां दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
नवीन भाजपा के 12वें अध्यक्ष बने, जिसकी स्थापना 1980 में हुई थी और उसी वर्ष उनका जन्म भी हुआ था। सुर्खियों से दूर रहने वाले नवीन ने 14 दिसंबर को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद बिहार सरकार में कानून और न्याय, शहरी विकास और आवास मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। लक्ष्मण ने चुनाव के नतीजों की घोषणा करते हुए कहा, ‘‘यह चुनाव दर्शाता है कि भाजपा में नेतृत्व वंशवादी विशेषाधिकार से नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत और समर्पण से उभरता है।’’