टॉप न्यूज़

जुबीन केस में तेजी, गुवाहाटी हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज का दिन जुबीन गर्ग हत्याकांड में न्याय की हमारी सामूहिक कोशिश में एक अहम पड़ाव है।

गुवाहाटीः असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बताया कि गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले में रोजाना सुनवाई करने के लिए बृहस्पतिवार को एक विशेष फ़ास्ट-ट्रैक सत्र अदालत की नियुक्ति की है। बक्सा जिला न्यायाधीश शर्मिला भुइयां इस फास्ट-ट्रैक अदालत की अध्यक्षता करेंगी।

शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज का दिन जुबीन गर्ग हत्याकांड में न्याय की हमारी सामूहिक कोशिश में एक अहम पड़ाव है। गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ने शर्मिला भुइयां को, जो अभी बक्सा में ज़िला न्यायाधीश के तौर पर सेवारत हैं, इस मामले में रोजाना सुनवाई करने के वास्ते एक विशेष फ़ास्ट-ट्रैक सत्र अदालत की अध्यक्षता करने के लिए नामित किया है।’’ गर्ग (52) की पिछले साल 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय मौत हो गई थी। वह वहां चौथे नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में शामिल होने गए थे।

असम पुलिस की सीआईडी के एक विशेष जांच दल (एसआईटी) ने इस मामले की जांच की थी और यहां एक स्थानीय अदालत में अपना आरोपपत्र दायर किया था, जिसमें सात लोगों को आरोपी बनाया गया था। राज्य मंत्रिमंडल ने पिछले महीने सुनवाई को आगे बढ़ाने के लिए गुवाहाटी उच्च न्यायालय से एक फ़ास्ट-ट्रैक अदालत बनाने का अनुरोध करने का फ़ैसला किया था।

शर्मा ने कहा कि फास्ट-ट्रैक अदालत की नियुक्ति से ‘‘न्यायिक प्रक्रिया में काफी तेजी आएगी और यह समय पर न्याय की हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति आशुतोष कुमार के प्रति अपनी गहरी सराहना और हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने हमारे अनुरोध को स्वीकार किया और न्याय के उद्देश्य को मजबूत करने में अपना अटूट समर्थन दिया।’’

SCROLL FOR NEXT