असम में चुनावी रैली के दौरान प्रसन्न मुद्रा में पीएम नरेंद्र मोदी। 
टॉप न्यूज़

असम में मोदी का आरोप, घुसपैठियों पर कांग्रेस का बड़ा प्लान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को आरोप लगाया कि अगर कांग्रेस असम में सत्ता में आई तो वह घुसपैठियों की रक्षा के लिए कानून लाएगी।

गोगामुख/बेहालीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को आरोप लगाया कि अगर कांग्रेस असम में सत्ता में आई तो वह घुसपैठियों की रक्षा के लिए कानून लाएगी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी ऐसा होने नहीं देंगे। मोदी ने धेमाजी जिले के गोगामुख में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य “बहुसंख्यक समुदाय को अल्पसंख्यक में बदलना और घुसपैठियों का एक स्थायी वोट बैंक बनाना” है।

उन्होंने कहा कि 2014 में भाजपा के सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने “केंद्र में नया कानून लाने की कोशिश की थी”, लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने उसका विरोध किया था।मोदी ने कहा, “कांग्रेस नेता खुलकर घुसपैठियों का समर्थन कर रहे हैं। वे खुलेआम कह रहे हैं कि वे घुसपैठियों की रक्षा के लिए असम में नया कानून ले आएंगे।” उन्होंने कांग्रेस पर देश को “उसी तरह बांटने” का आरोप लगाया, जैसा “विभाजन के दौरान मुस्लिम लीग ने किया” था।

प्रधानमंत्री ने कहा, “कांग्रेस ने बाबा साहेब आंबेडकर द्वारा तैयार किए गए संविधान को भी आघात पहुंचाया है।” उन्होंने कहा, “कांग्रेस के लिए दो परिवार हैं-एक दिल्ली में और दूसरा असम में तथा उनकी प्राथमिकता लोगों का हित नहीं, बल्कि अपने परिवारों का हित है।” मोदी का इशारा गांधी परिवार और कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई के परिवार की ओर था।

बिस्वनाथ जिले के बेहाली में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने “असम के संसाधनों के साथ न्याय नहीं किया”, जबकि “भाजपा राज्य की विविध संपदा का इस्तेमाल उसके विकास के लिए कर रही है।” उन्होंने कांग्रेस पर “विकास-विरोधी” और “भ्रष्टाचार की जननी” होने का आरोप लगाया। मोदी ने कहा, “कांग्रेस ने असम की ‘आत्मा’, ‘शान’, ‘पहचान’ और ‘सुरक्षा’ के साथ समझौता किया है।”

प्रधानमंत्री ने विपक्षी पार्टी पर आरोप लगाया कि वह घुसपैठियों को “राज्य के विभिन्न जिलों में सत्रों, नामघरों और मंदिरों की जमीनों पर बसने के लिए उकसा रही है, ताकि एक ‘वोट बैंक’ बनाया जा सके।” उन्होंने कहा, “भाजपा ने इस सिलसिले में कार्रवाई की है और कब्जा की गई जमीन को अवैध प्रवासियों के चंगुल से मुक्त करा रही है।” मोदी ने कहा, “कांग्रेस का भ्रष्टाचार कई क्षेत्रों में फैल गया, जिसके कारण वन भूमि और अभयारण्यों पर अतिक्रमण हुआ तथा एक सींग वाले गैंडे का अस्तित्व संकट में आ गया। लेकिन भाजपा की ‘डबल-इंजन’ सरकार ने कड़ी कार्रवाई की और स्थिति को पूरी तरह से बदल दिया।”

असम की 126 विधानसभा सीट के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती चार मई को की जाएगी।

SCROLL FOR NEXT