टॉप न्यूज़

‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक शुरू, भाजपा से मुकाबले की रणनीति पर होगी चर्चा

सोनिया, राहुल, ममता, अखिलेश और तेजस्वी समेत 20 से ज्यादा दलों के नेता बैठक में शामिल; 2029 की तैयारी और भाजपा के खिलाफ संयुक्त रणनीति पर चर्चा

Bishakhaa Tiwari

नई दिल्ली : विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रमुख नेताओं की अहम बैठक सोमवार को दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में शुरू हुई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ साझा रणनीति तैयार करने, आगामी चुनावों में तालमेल बढ़ाने और राष्ट्रीय मुद्दों पर संयुक्त रुख अपनाने को लेकर चर्चा की जा रही है।

बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव और कई अन्य दलों के शीर्ष नेता मौजूद हैं। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) प्रमुख उद्धव ठाकरे डिजिटल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

कांग्रेस के अनुसार, 23 राजनीतिक दलों ने बैठक में भागीदारी की पुष्टि की है। हालांकि आम आदमी पार्टी (आप) और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) इस बैठक में शामिल नहीं हुए। आप पहले ही गठबंधन से दूरी बना चुकी है, जबकि द्रमुक ने राजनीतिक कारणों का हवाला देते हुए बैठक का बहिष्कार किया है।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में आगामी राज्यों के विधानसभा चुनाव, संसद के अंदर और बाहर विपक्ष की भूमिका तथा 2029 लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ मजबूत विपक्षी मोर्चा तैयार करने पर विशेष चर्चा होगी।

पश्चिम बंगाल में हालिया राजनीतिक घटनाक्रम और भाजपा के बढ़ते प्रभाव को भी बैठक के एजेंडे में शामिल किया गया है। विपक्षी दलों का मानना है कि भाजपा का मुकाबला करने के लिए एकजुटता और बेहतर समन्वय जरूरी है।

जून 2024 के बाद यह INDIA गठबंधन की पहली बड़ी औपचारिक बैठक है, जिस पर देशभर की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।

SCROLL FOR NEXT