टॉप न्यूज़

अब शहर के अंदर नहीं दिखेंगी मांस की दुकानें, वाराणसी में नई व्यवस्था लागू

शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की पहल, रामनगर समेत पांच बाहरी क्षेत्रों में होंगे नए मीट मार्केट

Bishakhaa Tiwari

वाराणसी : उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम ने शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और यातायात की दृष्टि से बेहतर बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। नगर निगम ने शहर की सीमा के भीतर संचालित सभी मांस और मछली की दुकानों को चरणबद्ध तरीके से शहर के बाहरी इलाकों में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।

नगर निगम की सदन बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक में शहर के विकास, अतिक्रमण और स्वच्छता से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें मांस बाजारों को शहर के बाहरी क्षेत्रों में स्थानांतरित करने का फैसला प्रमुख रहा।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि योजना के पहले चरण के लिए पांच स्थानों का चयन किया गया है। इन स्थानों में रामनगर, शुजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर शामिल हैं। सभी स्थान शहर की बाहरी सीमा के निकट हैं ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नगर निगम का मानना है कि शहर के मुख्य मार्गों और घनी आबादी वाले इलाकों में संचालित मांस दुकानों के कारण स्वच्छता और यातायात संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। नए मीट मार्केट विकसित होने से कचरा प्रबंधन, निरीक्षण व्यवस्था और बाजार संचालन अधिक व्यवस्थित हो सकेगा।

नगर निगम आने वाले दिनों में इस योजना को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ेगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे शहर की साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और शहरी प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

SCROLL FOR NEXT