कोलकाता: राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने गुरुवार को कोलकाता के राममोहन लाइब्रेरी में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य और देश के महान मनीषियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भाजपा के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में दिवंगत गायक प्रतुल मुखोपाध्याय के प्रसिद्ध गीत ‘करो लड़ाई’ की गूंज के बीच ममता ने लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर ममता ने राजा राममोहन राय, महात्मा गांधी, श्रीरामकृष्ण परमहंस तथा गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने विशेष रूप से उस ऐतिहासिक तस्वीर के समक्ष पुष्प अर्पित किए, जिसमें वर्ष 1913 में नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने के बाद रवींद्रनाथ ठाकुर का इसी सभागार में सम्मान किया गया था। कार्यक्रम में कुणाल घोष, मदन मित्र, डोला सेन और चंद्रिमा भट्टाचार्य सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। इसके बाद ममता कालीघाट मंदिर पहुंचीं और पूजा-अर्चना की।
इस बीच, विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद तृणमूल कांग्रेस के सामने उत्पन्न राजनीतिक चुनौतियों के बीच ममता पार्टी को फिर से एकजुट करने के प्रयासों में जुट गई हैं। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने हावड़ा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर के कई बागी विधायकों से फोन पर संपर्क किया है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को कालीघाट में बुलाई गई बैठक में शामिल होने के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया है। हालांकि, बैठक में कितने विधायक उपस्थित होंगे, इसे लेकर अभी भी संशय बना हुआ है।