वॉशिंगटनः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में युद्ध में जीत का दावा करते हुए कहा कि ईरान परमाणु हथियार कभी नहीं रखने पर सहमत हो गया है और उसने होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ी एक ‘‘महत्वपूर्ण सौगात’’ भेजी है। ट्रंप ने मंगलवार को ‘ओवल ऑफिस (अमेरिका के राष्ट्रपति का कार्यालय) में संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि ईरान ‘‘समझौता करने’’ का इच्छुक है और उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रूबियो, पश्चिम एशिया के मामलों के लिए विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर इस बातचीत का नेतृत्व कर रहे हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान के मौजूदा नेतृत्व में पहले ही बड़े बदलाव हो चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘असल में यह वही है, जिसे हम सत्ता परिवर्तन कह सकते हैं। आप जानते हैं कि यह सत्ता परिवर्तन है क्योंकि अब सत्ता में बैठे लोग उन लोगों से बिल्कुल अलग हैं, जिनके साथ हमने शुरुआत की थी और जिन्होंने वे सारी समस्याएं पैदा की थीं।’’
इससे पहले, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए मंगलवार को कहा था कि उनका देश अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त कराने के लिए ‘‘सार्थक और निर्णायक वार्ता’’ की मध्यस्थता के लिए तैयार है। इसके कुछ घंटों बाद ट्रंप ने शरीफ की पोस्ट को अपने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर साझा किया था।
उन्होंने हमें एक तोहफा दिया और वह तोहफा आज पहुंच गया। वह बहुत बड़ा तोहफा है जिसकी कीमत बहुत ज्यादा है-ट्रंप
वे कभी परमाणु हथियार नहीं रखेंगे
ट्रंप ने नए गृह मंत्री के रूप में मार्कवेन मुलिन के शपथ ग्रहण समारोह के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं पहले से यह नहीं कहना चाहता लेकिन वे इस बात पर सहमत हो गए हैं कि वे कभी परमाणु हथियार नहीं रखेंगे।’’ ट्रंप ने कहा कि ईरानी नेतृत्व ने होर्मुज जलडमरूमध्य और तेल की आपूर्ति से जुड़ी एक ‘‘महत्वपूर्ण सौगात’’ अमेरिका को दी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘वे समझौता करने जा रहे हैं। उन्होंने कल कुछ ऐसा किया जो वास्तव में हैरान करने वाला था। उन्होंने हमें एक तोहफा दिया और वह तोहफा आज पहुंच गया। वह बहुत बड़ा तोहफा है जिसकी कीमत बहुत ज्यादा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपको यह नहीं बताऊंगा कि वह तोहफा क्या है, लेकिन वह बहुत बड़ी सौगात है।’’
हमारे विमान वास्तव में तेहरान और देश के अन्य हिस्सों के ऊपर उड़ रहे हैं। वे इसके बारे में कुछ नहीं कर सकते-ट्रंप
ईरान के खिलाफ युद्ध जीत लिया
ट्रंप ने कहा, ‘‘तो मेरे लिए उसका एक ही मतलब है कि हम सही लोगों से बातचीत कर रहे हैं। नहीं, यह (तोहफा) परमाणु हथियार से जुड़ा नहीं है। यह तेल और गैस से जुड़ा है।’’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध जीत लिया गया है।
ट्रंप ने कहा, ‘‘हम इसे जीत चुके हैं। यह युद्ध जीता जा चुका है... ऐसा नहीं है कि हम कोई ऐसा युद्ध जीत रहे हैं जहां उनके पास नौसेना नहीं है और उनके पास वायुसेना नहीं है और उनके पास कुछ भी नहीं है। हमारे विमान वास्तव में तेहरान और देश के अन्य हिस्सों के ऊपर उड़ रहे हैं। वे इसके बारे में कुछ नहीं कर सकते।’’
इतिहास में कभी भी किसी आधुनिक सेना को इतनी तेजी से और इस तरह पूरी तरह तबाह नहीं किया गया।-पेट हेगसेथ
ईरान की परमाणु क्षमता पूरी तरह नष्ट
उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान की उस परमाणु क्षमता को पूरी तरह नष्ट कर दिया जिसका इस्तेमाल पश्चिम एशिया में अमेरिका के सहयोगियों के खिलाफ किया जा सकता था। ट्रंप ने कहा, ‘‘हमने उसे तबाह कर दिया। उनकी परमाणु क्षमता को बिल्कुल तबाह कर दिया। अगर हमने (बी-2 बमवर्षक विमानों का इस्तेमाल करते हुए) हमला नहीं किया होता तो उस हमले के दो हफ्ते बाद उनके पास परमाणु हथियार होता। वे निश्चित रूप से उसका इस्तेमाल करते और वे उसका इस्तेमाल इजराइल समेत पूरे पश्चिम एशिया में करते।’’
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि इतिहास में कभी भी किसी आधुनिक सेना को इतनी तेजी से और इस तरह पूरी तरह तबाह नहीं किया गया। हेगसेथ ने कहा, ‘‘ईरान के पास आधुनिक सेना थी। उसके पास आधुनिक नौसेना, आधुनिक वायुसेना, आधुनिक हवाई रक्षा प्रणाली, नेतृत्व, विशाल बंकर था। इतिहास में पहले कभी किसी आधुनिक सेना को इतनी तेजी से और ऐतिहासिक तरीके से तबाह नहीं किया गया, किसी को पहले ही दिन भारी मारक क्षमता के साथ पराजित नहीं किया गया।’’