करोड़ों का सोना लेकर चंपत हुआ स्वर्ण व्यवसायी

पुलिस ने घर दबिश देकर दबोचा
Bongaon: Gold Merchant Pradip Karmakar Arrested for ₹1 Crore Fraud Case
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बनगांव : उत्तर 24 परगना जिले के गोपालनगर थाना अंतर्गत बेल्ता चौमाथा इलाके में एक स्वर्ण व्यवसायी द्वारा करोड़ों रुपये के सोने के जेवरात और नकदी लेकर धोखाधड़ी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी व्यवसायी प्रदीप कर्मकार को पुलिस ने सोमवार रात उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।

विश्वास का फायदा उठाकर की ठगी

जानकारी के अनुसार, प्रदीप कर्मकार की बेल्ता चौमाथा में सोने की दुकान है। वह स्थानीय लोगों से सोने के गहने बनाने के नाम पर ऑर्डर लेता था और कई लोगों के जेवरात गिरवी (बंधक) भी रखता था। आरोप है कि पिछले कुछ समय से उसने इलाके के दर्जनों लोगों से जेवर और बड़ी रकम जमा की, लेकिन जब लोग अपना सामान वापस मांगने पहुंचे, तो वह टालमटोल करने लगा। देखते ही देखते वह करीब एक करोड़ रुपये मूल्य का सोना समेटकर चंपट हो गया।

पुलिस की कार्रवाई और जन आक्रोश

धोखाधड़ी का शिकार हुए लोगों ने जब दबाव बनाया और मामला गोपालनगर थाने तक पहुँचा, तो पुलिस सक्रिय हुई। सोमवार रात पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे बनगांव उपमंडल न्यायालय में पेश कर पुलिस हिरासत की मांग की गई है। पीड़ितों का कहना है कि उनकी गाढ़ी कमाई और पुश्तैनी जेवर वापस दिलाए जाएं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी समय पर न तो जेवर लौटाता था और न ही पैसे, जिससे उस पर शक गहरा गया था।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in