मुंबईः विश्व चैंपियन भारत इस साल जुलाई में तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलने के लिए जिम्बाब्वे का दौरा करेगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को एक बयान में बताया कि भारतीय पुरुष टीम 23, 25 और 26 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में जिम्बाब्वे की टीम के खिलाफ तीन मैच खेलेगी।
यह भारत और जिम्बाब्वे के बीच 2026-27 सत्र के लिए निर्धारित की गई दो द्विपक्षीय सीरीज में से पहली सीरीज होगी। जिम्बाब्वे अगले साल के शुरू में तीन वनडे मैच की सीरीज के लिए भारत का दौरा करेगा। यह मैच तीन, छह और नौ जनवरी को क्रमशः कोलकाता, हैदराबाद और मुंबई में खेले जाएंगे।
भारत की टी20 टीम के खिलाड़ियों की लंबी फेहरिस्त हैं, लेकिन 27 मार्च को 15 साल के हुए तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को सीनियर टीम में जगह देने की मांग उठने लगी हैं। पिछले अंडर 19 विश्व कप में उन्होंने अपने दम पर भारत को चैंपियन बनाया था। इस आईपीएल सीजन के पहले मैच में वैभव ने शानदार अर्धशतक बनाया जिसे देखकर पूर्व क्रिकेटरों ने कहा कि अब सूर्यवंशी सीनियर टीम में खेलने को तैयार हैं। हालांकि आईपीएल के अधिकतर मैच अभी बाकी हैं और हो सकता है कि वैभव और बड़े स्कोर बनाये। उसने पिछले साल शतक भी बनाया था।
बहरहाल भारत ने पिछले महीने अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीता था। इससे पहले भारत 2024 और 2007 में भी टी20 विश्व कप जीत चुका है। भारत ने आखिरी बार 2024 में जिम्बाब्वे का दौरा किया था, जहां उसने पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से जीती थी।