कोलकाता - अगर आप लोकल ट्रेन से सफर करते हैं तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। इस गर्मी में लोकल ट्रेन यात्री ठंडी हवा का आनंद ले सकेंगे। पूर्वी रेलवे उपनगरीय सेवाओं के लिए दो नए एसी रेक खरीद रहा है। यह ठीक वैसी होंगी जैसी मुंबई में चल रही है। दो में से पहली रेक अगले कुछ दिनों में आने की उम्मीद है। अधिकारीयों का कहना है कि इन दो नई रेकों की तैनाती के लिए मार्ग आवंटन और किराया संरचना जैसी बारीकियों पर वर्तमान में काम किया जा रहा है।
ट्रेन का किराया हो सकता है अधिक
रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि, "इन एसी रेकों के मार्ग को तय करने के लिए एक सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही इस ट्रेन का किराया दूसरे ट्रेनों की तुलना में अधिक होगा। किराया तय करने के लिए काफी कारकों को ध्यान में रखा जाएगा।"
25 लाख यात्रियों का सहारा है पूर्वी रेलवे
ज्यादातर लोग इस बात से सहमत हैं कि कोलकाता में एसी रेक के आने से उपनगरीय परिवहन सेवाओं में क्रांति आएगी। आपको बता दें कि पूर्वी रेलवे प्रतिदिन लगभग 25 लाख यात्रियों का सहारा है। पूर्वी रेलवे का सियालदह डिवीजन अकेले ही लगभग 900 ट्रेनों और 18 लाख यात्रियों को प्रतिदिन संभालता है।
हजारों यात्री एक साथ कर सकेंगे यात्रा
कुछ ही दिनों में चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) दो एसी रेक भेजेगी। इन रेकों में 12 बोगियां होंगी। इसके साथ ही यह 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगे। रेकों में स्टील चेसिस सबसे अलग दिखाई देगा। इन रेकों का अंदरूनी भाग भी उतना ही प्रभावशाली है इसके साथ ही इनमे बोगियां आपस में जुड़ी होंगी। आपको बता दें कि एक रेक में एक बार में 1,100 से ज्यादा यात्री यात्रा कर सकेंगे।