मेक्सिको सिटीः मेक्सिको की सेना ने ‘जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल’ के नेता नेमेसीओ रूबेन ओसेगुएरा सर्वांतेस ‘एल मेंचो’ को रविवार को मार गिराया, जिससे देश का सबसे ताकतवर बन चुका गिरोह नेतृत्वविहीन हो गया। इसी के साथ मेक्सिको को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन को अपने प्रयास दिखाने का बड़ा मौका मिला।
मेक्सिको के रक्षा विभाग ने बयान में बताया कि ओसेगुएरा सर्वांतेस को पकड़ने के लिए जलिस्को राज्य के तापाल्पा में रविवार को चलाए गए अभियान में वह घायल हो गया और मेक्सिको सिटी ले जाए जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। बयान में कहा गया कि यह राज्य फेंटानिल और अन्य मादक पदार्थों की भारी मात्रा में अमेरिका में तस्करी करने वाले गिरोह का गढ़ है।
बयान में कहा गया कि अभियान के दौरान सैनिकों पर गोलीबारी हुई और मौके पर चार लोगों को मार गिराया गया। इसमें बताया गया कि ओसेगुएरा सर्वांतेस सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए और बाद में उनकी भी मौत हो गई। बयान में बताया गया कि दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया और बख्तरबंद वाहन, रॉकेट लॉन्चर तथा अन्य हथियार जब्त किए गए। इस अभियान के दौरान सशस्त्र बलों के तीन सदस्य घायल हुए हैं और उनका उपचार किया जा रहा है।
मेक्सिको में अमेरिका दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि यह अभियान मेक्सिको के विशेष बलों ने ‘‘द्विपक्षीय सहयोग के ढांचे के तहत चलाया और इस दौरान अमेरिका के अधिकारियों ने पूरक खुफिया जानकारी’’ मुहैया कराई।
सर्वांतेस की मौत के बाद जलिस्को और अन्य राज्यों में कई घंटे तक सड़कें बाधित किए जाने और वाहनों में आगजनी किए जाने की घटनाएं हुईं। सैन्य अभियानों को रोकने के लिए गिरोह आमतौर पर ऐसी रणनीति अपनाते हैं। जलिस्को में सोमवार को स्कूल बंद रहे।
कौन है एल मेंचो
नेमेसीओ रूबेन ओसेगुएरा सर्वांतेस, जिसे दुनिया ‘एल मेंचो’ के नाम से जानती है, मेक्सिको के सबसे कुख्यात ड्रग्स सरगनाओं में गिना जाता है। वह ‘जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल’ (CJNG) का मुखिया माना जाता है।CJNG को मेक्सिको के सबसे ताकतवर और हिंसक ड्रग कार्टेल्स में गिना जाता है। संगठन पर अमेरिका, यूरोप और एशिया तक नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप रहे हैं। अमेरिकी एजेंसियों ने उस पर भारी इनाम घोषित किया था। मेक्सिको में पुलिस और सेना के साथ कई खूनी झड़पों में उसका नाम जुड़ा रहा।
एल मेंचो का जन्म 1960 में मिचोआकान में बताया जता है। पहले छोटे स्तर पर अपराध से जुड़ा, बाद में ड्रग नेटवर्क में ऊपर उठता गया। 2010 के बाद सीएजएनजी के उभार के साथ उसका नाम तेजी से सामने आया। एल मेंचो को मेक्सिको में बढ़ती ड्रग हिंसा और संगठित अपराध के बड़े चेहरों में गिना जाता है। उसके नेटवर्क का असर कई राज्यों तक फैला बताया जाता है।