मुंबई : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को महाराष्ट्र और गुजरात में कई स्थानों पर छापामारी की।
अधिकारियों ने बताया कि यह छापामारी हाल में तुर्किये से भारत वापस लाए गए मादक पदार्थ तस्कर मोहम्मद सलीम डोला के खिलाफ धनशोधन मामले की जांच के तहत की गयी। अधिकारियों ने बताया कि ED द्वारा धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत मामला दर्ज किए जाने के बाद मुंबई और गुजरात के सूरत और अंकलेश्वर (भरूच जिला) में लगभग 20 स्थानों पर छापामारी की गयी। डोला उर्फ सलीम इस्माइल डोला को वैश्विक स्तर पर वांछित आतंकवादी दाऊद इब्राहिम का करीबी सहयोगी बताया जाता है और मादक पदार्थ निरोधक एजेंसियों ने उस पर एक अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह संचालित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। डोला (59) को अप्रैल में तुर्किये से वापस भारत लाया गया था और दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते ही स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (NCB) ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। ED अधिकारियों ने बताया कि छापामारी की यह कार्रवाई उन परिसरों में की जा रही है, जो रासायनिक पदार्थों के आपूर्तिकर्ताओं, रसायन के व्यापार में लगे बिचौलियों, कृत्रिम मादक पदार्थ मेफेड्रोन (MD) के निर्माण और वितरण में शामिल तस्करों, हवाला संचालकों और संगठित मादक पदार्थ गिरोह से प्राप्त धन से अर्जित बेनामी संपत्ति के मालिकों से संबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि धनशोधन का यह मामला डोला और अन्य लोगों के खिलाफ मुंबई में मादक पदार्थ एवं नशीले पदार्थ की अवैध तस्करी से संबंधित अपराधों के लिए दर्ज कई प्राथमिकी से जुड़ा है।