

भोपाल : चर्चित ट्विशा डेथ केस में भोपाल की जिला अदालत ने मंगलवार को बड़ा फैसला सुनाते हुए पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सेशन जज शोभना भालवी की अदालत ने दोनों आरोपियों की सीबीआई रिमांड समाप्त होने के बाद यह आदेश जारी किया।
इससे पहले अदालत ने 29 मई को गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को पांच दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा था। मंगलवार को रिमांड अवधि पूरी होने पर दोनों को फिर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गौरतलब है कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 27 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित आवास पर कई घंटों की पूछताछ के बाद पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी उस दिन हुई थी, जब मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
वहीं, मृतका ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह को भोपाल पुलिस ने 22 मई को जबलपुर से गिरफ्तार किया था। वह ट्विशा की मौत के बाद करीब एक सप्ताह तक लापता बताए गए थे। बाद में मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने के बाद एजेंसी ने उनसे विस्तृत पूछताछ की।
जांच के दौरान सीबीआई टीम समर्थ सिंह को कथित घटनास्थल कटारा हिल्स स्थित घर भी लेकर गई। वहां फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। एजेंसी ने 12 मई की रात की घटनाओं को लेकर समर्थ से लंबी पूछताछ भी की।
ट्विशा शर्मा कथित रूप से अपने ससुराल स्थित घर में फंदे से लटकी मिली थीं। घटना के बाद उनके परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न तथा प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद मामले ने व्यापक चर्चा बटोरी और निष्पक्ष जांच की मांग उठी।
मध्य प्रदेश सरकार की सिफारिश पर मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। फिलहाल एजेंसी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।