सांकेतिक तस्वीर 
टॉप न्यूज़

हजारीबाग की कोयला खदान में हादसा, दो मजदूरों की मौत के बाद हंगामा

खदान का एक हिस्सा एक ट्रक पर गिर गया जिससे दबने के कारण दो लोगों की मौत हुई।

Narendra Kumar Singh

हजारीबागः झारखंड के हजारीबाग जिले में कोयला खदान का एक हिस्सा ढहने से ट्रक पर सवार दो मजदूरों की मौत हो गई। इस संबंध में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह हादसा शनिवार रात करीब 11 बजे उरीमारी थाना क्षेत्र के ‘सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड’ (सीसीएल) के कमांड क्षेत्र में उस वक्त हुआ, जब खदान का एक हिस्सा कोयला ढोने वाले वाहन पर गिर गया।

बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) पवन कुमार ने बताया कि रविवार को शुरू किए गए अभियान के दौरान दोनों शवों को मलबे से बाहर निकाला गया। एसडीपीओ ने बताया कि मृतकों की पहचान सुनील यादव (30) और राजू पासवान (50) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा, “दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति को दुर्घटनास्थल से निकालकर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

मजदूरों ने मुआवजा की मांग पर किया प्रदर्शन

एसडीपीओ ने बताया कि अंधेरा, कोहरा और मौके पर कोयला श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन के कारण शनिवार रात मलबा हटाने का काम नहीं हो सका। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि सुनील यादव अनुबंध आधार पर वाहन चालक के रूप में काम करता था, जबकि राजू पासवान उसके सहायक के रूप में काम करता था। हादसे के बाद शनिवार रात से ही खदान मजदूरों ने कोयला खनन का काम रोक दिया।

मजदूरों का आरोप है कि सुरक्षा उपायों के अभाव की वजह से यह दुर्घटना हुई और उन्होंने मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे की मांग की है। अधिकारी ने यह भी बताया कि खदान का हिस्सा ढहने से खनन में इस्तेमाल होने वाले दो उपकरण भी मलबे में दब गए।

SCROLL FOR NEXT