खेल

नामीबिया ने भारत के खिलाफ कसी कमर, कोच विलियम्स बोले- हमें अच्छे नतीजे की उम्मीद

मेजबान भारत के खिलाफ विश्व कप मुकाबले को कठिन चुनौती बताते हुए नामीबिया के कोच क्रेग विलियम्स ने कहा कि 12 फरवरी को होने वाले इस मैच में उनकी टीम अपनी अपनी रणनीति पर अडिग रहकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की कोशिश करेगी।

Narendra Kumar Singh

नई दिल्लीः मेजबान भारत के खिलाफ विश्व कप मुकाबले को कठिन चुनौती बताते हुए नामीबिया के कोच क्रेग विलियम्स ने कहा कि 12 फरवरी को होने वाले इस मैच में उनकी टीम अपनी अपनी रणनीति पर अडिग रहकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की कोशिश करेगी चूंकि उनकी टीम और पूरे देश के लिये यह मैच एक यादगार अनुभव होगा।

नीदरलैंड ने नामीबिया को टी20 विश्व कप ग्रुप ए के मुकाबले में मंगलवार को सात विकेट से हराया। अब नामीबिया को 12 फरवरी को अरुण जेटली स्टेडियम पर गत चैम्पियन और खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय टीम से खेलना है।

मैच के बाद विलियम्स ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘भारत के खिलाफ मैच आसान नहीं होगा लेकिन अगर हम अपनी रणनीति पर अडिग रहे और एक समय पर एक गेंद पर फोकस करके खेले तो अच्छे नतीजे की उम्मीद कर सकते हैं। हम पेशेवर टीम हैं और विरोधी टीम कोई भी हो, हमें अपने खेल पर फोकस करना है।’’

उन्होंने कहा, ‘हर कोई भारत के खिलाफ मैच की बात कर रहा है। हमारे लिए यह यादगार मैच होगा और घर पर भी सभी इसकी बात कर रहे हैं। हम भारत के खिलाफ पहले खेल चुके हैं और वह मैच भी हमारे लिये काफी कठिन था। दूधिया रोशनी में चुनौती और भी कठिन होगी।’’ नीदरलैंड के खिलाफ मिली हार के बारे में उन्होंने कहा कि उनकी टीम 20 रन पीछे रह गई।

विलियम्स ने कहा, ‘‘हमारे गेंदबाजों ने अच्छा प्रयास किया लेकिन हमें कम से कम बीस रन और बनाने चाहिये थे। डच टीम हमेशा हमसे दस रन आगे थी और हम अच्छी साझेदारियां भी नहीं बना सके।’’ उन्होंने कहा ,‘‘सामने चाहे कोई भी टीम हो, हमें एक बल्लेबाजी ईकाई और एक टीम के रूप में बेसिक्स पर अमल करना जरूरी है। शीर्ष चार बल्लेबाजों में से एक को बड़ी पारी खेलनी होगी और हमें अच्छी साझेदारियां बनानी होगी जो आज नहीं कर सके।’’

SCROLL FOR NEXT