जयपुर : राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने सोमवार को न्यायमूर्ति संजय कुमार अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ दिलाई। यहां लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में न्यायाधीश संजय कुमार अग्रवाल ने अंग्रेजी में शपथ ली।
इससे पहले राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा जारी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति संबंधी अधिसूचना और वारंट पढ़कर सुनाया।
समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा, मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि, राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश, अधिकारी तथा मुख्य न्यायाधीश अग्रवाल के परिजन मौजूद थे।
न्यायाधीश अग्रवाल को सितंबर 2013 में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था और मार्च 2016 में वह स्थायी न्यायाधीश बने। न्यायाधीश बनने से पहले उन्होंने छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता के तौर पर काम किया था।
सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने हाल में उन्हें राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधिपति नियुक्त करने की सिफारिश की थी। इसके बाद शनिवार को उनकी नियुक्ति के संबंध में केंद्र की ओर से अधिसूचना जारी की गई।
उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई जब राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा के कामकाज को लेकर विवाद खड़ा हो गया और वकील स्थायी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की मांग करने लगे।
यह घटनाक्रम सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश संदीप मेहता द्वारा प्रधान न्यायाधीश सूर्य कांत को लिखे गए उस पत्र के बाद हुआ, जिसमें राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर न्यायमूर्ति शर्मा के कामकाज का उल्लेख किया गया था।
न्यायाधीश मेहता ने न्यायमूर्ति शर्मा के प्रशासनिक कामकाज पर सवाल उठाए थे और राजस्थान हाईकोर्ट के लिए स्थायी मुख्य न्यायाधिपति नियुक्त करने की मांग की थी। जोधपुर में वकीलों के संगठन ने भी चिंता जताते हुए स्थायी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की मांग की थी।