जयपुर : प्रश्न पत्र लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस के अभियान के तहत पार्टी नेता राहुल गांधी बुधवार शाम कोटा में छात्रों से संवाद करने वाले हैं। हालांकि मेडिकल में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (NEET-UG) 2026 की 21 जून को दुबारा होने वाली परीक्षा से ठीक पहले इस कार्यक्रम के समय को लेकर राजस्थान में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
कोटा के एक ओपन थिएटर में होने वाले इस कार्यक्रम को, कांग्रेस देश भर में अपने छात्र सम्मेलनों की श्रृंखला के पहले कार्यक्रम के तौर पर पेश कर रही है। हालांकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस पहल पर आपत्ति जताई है। उसका आरोप है कि इससे परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों का ध्यान भटक सकता है।
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा छात्रों को राहुल गांधी के इस कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने की कोशिश कर रही है। आरोप है कि कोटा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के ऑफिस से कोचिंग संस्थानों और गेस्ट हाउस संचालकों को फोन करके कहा गया कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके यहां से कोई भी छात्र इस कार्यक्रम में शामिल न हो।
ओम बिरला कोटा से हैं और वह कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि BJP सरकार के दबाव में प्रशासन इस संवाद कार्यक्रम से जुड़े पोस्टर और होर्डिंग हटा रहा है। उन्होंने इसे कार्यक्रम से पहले BJP की राजनीतिक साजिश बताया।
गहलोत ने कहा कि BJP के कार्यक्रमों के होर्डिंग बिना किसी रुकावट के लगाने दिए जाते हैं लेकिन कांग्रेस के कार्यक्रम से जुड़े होर्डिंग जानबूझकर हटाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, BJP के कार्यक्रमों के जब होर्डिंग लगते हैं तब यह प्रशासन पूरा सहयोग देता है। कांग्रेस के कार्यक्रम के होर्डिंग हटाना घबराई हुई BJP का राजनीतिक षड्यंत्र है। पहले कोचिंग संस्थानों को धमकियां, फिर छात्रों पर दबाव, और अब होर्डिंग हटाना, BJP इतनी भयभीत क्यों है ?
गहलोत के अनुसार, छात्रों की आवाज़ होर्डिंग हटाने से नहीं दबेगी। इस तानाशाही के कारण ही कोटा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कोटा में देर शाम एक 'नुक्कड़ नाटक' हुआ जिसमें राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली और अन्य नेता शामिल हुए। उन्होंने छात्रों को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
डोटासरा ने कहा कि केंद्र सरकार को बार-बार हो रही परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जवाबदेही की मांग की।
दूसरी ओर BJP के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने इस कार्यक्रम को 'राजनीतिक पर्यटन' करार दिया और आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने कार्यकाल के दौरान प्रश्न पत्र लीक होने के मामलों पर कार्रवाई करने में विफल रही।
राठौड़ ने कहा, कांग्रेस के युवराज राजनीतिक पर्यटन के लिए कोटा आ रहे हैं। जब कांग्रेस के शासनकाल में प्रश्न पत्र लीक हुए थे, तब राहुल गांधी कहां थे ?
कांग्रेस को उम्मीद है कि ओपन थिएटर में होने वाली इस बातचीत में लगभग 10 हाजर छात्र शामिल होंगे। पार्टी के एक नेता ने बताया कि राहुल गांधी छात्रों के साथ प्रश्न पत्र लीक और बेरोजगारी के मुद्दों पर बातचीत करेंगे और कोई राजनीतिक भाषण नहीं दिया जाएगा।