पूर्व CM अशोक गहलोत 
राजस्थान

प्रसूताओं की मौत पर गहलोत का सख्त रुख

गहलोत ने दोषी डॉक्टरों-अधिकारियों पर आपराधिक मुकदमे और सख्त कार्रवाई की मांग

जयपुर : राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में प्रसूताओं की मौत और उनके गंभीर रूप से बीमार होने के मामले पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

गहलोत ने इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने पीड़ित परिवारों को न्याय देने की मांग भी की है।

गहलोत ने कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल और बीकानेर के PBM अस्पताल में प्रसव के बाद प्रसूता माताओं की मृत्यु एवं कई महिलाओं की किडनी फेल होने की अत्यंत गंभीर व विचलित करने वाली घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है।

गहलोत ने इस अत्यंत संवेदनशील मामले को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय देने की मांग की है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्र में स्पष्ट कहा है कि यह महज कोई सामान्य हादसा नहीं है, बल्कि सरकारी व्यवस्था की 'संस्थागत विफलता' है। उन्होंने मामले की जांच रिपोर्ट को तुरंत सार्वजनिक करने, जिम्मेदार अधिकारियों व डॉक्टरों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने तथा पीड़ितों के आजीवन इलाज की सरकारी गारंटी देने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखी हैं।

इसमें गहलोत ने कहा है कि वह कोटा में भर्ती प्रसूताओं एवं उनके परिजनों से मिले। वहां जो दृश्य देखा, वह दिल दहलाने वाला था। ये सभी अत्यंत गरीब परिवारों की बेबस महिलाएं हैं, जो सरकारी तंत्र पर भरोसा करके अस्पताल आयी थीं। जिनके इस भरोसे के साथ क्रूर धोखा हुआ है।

पत्र में उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री इस अत्यंत संवेदनशील मामले में तत्काल एवं कठोर कार्रवाई करेंगे तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाएंगे।

SCROLL FOR NEXT