डूंगरपुर जिले के धम्बोला गांव में आम लोगों से सवांद करते CM भजनलाल शर्मा 
राजस्थान

'गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हमारी प्राथमिकता', बोले CM भजनलाल शर्मा

‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ से जल संकट दूर करने पर जोर

जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है। जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार 'वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ शुरू करेगी।

शर्मा शुक्रवार सुबह डूंगरपुर जिले के धम्बोला गांव में घूमे और आम लोगों से सवांद किया। मुख्यमंत्री ने गांव की गलियों में पैदल चलते हुए बुजुर्गों की कुशलक्षेम जानी, उनका आशीर्वाद लिया तो कहीं स्थानीय दुकानदारों से उनके व्यवसाय एवं दैनिक गतिविधियों की जानकारी ली।उल्लेखनीय है कि शर्मा ने रात्रि विश्राम इसी गांव में किया था।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ चाय पी। इस दौरान उन्होंने कहा कि गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के पानी के उचित प्रबंधन और तालाबों के संरक्षण से गांवों में जल संकट की समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकता है। राज्य सरकार गंगा दशहरा (25 मई) से ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ शुरू करने जा रही है। इस अभियान के माध्यम से जनभागीदारी के साथ गांवों में जल संरक्षण एवं जल संचयन के कार्य किए जाएंगे, जिससे भूजल स्तर में वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को जिले में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा अधिकाधिक युवाओं को इस मुहिम से जोड़ने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन को गांव के खेमसागर तालाब पर पाल निर्माण एवं पौधारोपण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर खेल सुविधाओं के विस्तार एवं राजकीय विद्यालय में कक्षा कक्षों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने गांव में बच्चों के साथ बैडमिंटन खेला और उनका उत्साहवर्धन किया। इससे पहले उन्होंने गोवर्धन नाथ जी मंदिर एवं माताजी मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए कामना की।

SCROLL FOR NEXT