जयपुर : राजस्थान के बीकानेर में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के पूर्व अधिकारी मदन गोपाल मेघवाल के साथ बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया।
पुलिस ने बताया कि मेघवाल वार्ड संख्या 50 से कांग्रेस प्रत्याशी नवरतन डागा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी दौरान यह घटना हुई।
मेघवाल के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता मोहित अरोड़ा और तीन अन्य लोगों ने उनका स्वागत करने एवं माला पहनाने के बहाने उन्हें बाहर बुलाया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष का कहना है कि इसके बाद अरोड़ा ने उनसे टिकट नहीं मिलने को लेकर सवाल किया और कथित तौर पर चारों ने उन्हें थप्पड़ और मुक्के मारे।
मेघवाल ने आरोप लगाया कि हमलावर कांग्रेस कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना दर्शाती है कि पार्टी ने आपराधिक मानसिकता वाले लोगों को टिकट नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अरोड़ा वार्ड संख्या 50 से पार्टी का टिकट मांग रहे थे। मेघवाल ने बताया कि मंगलवार को उन्होंने पार्टी कार्यालय में अरोड़ा का स्वागत भी किया था।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष के अनुसार, अरोड़ा बुधवार को अपने कुछ साथियों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे और शुरुआत में भीड़ के पीछे खड़े होकर कांग्रेस के समर्थन में नारे लगा रहे थे। मेघवाल ने बताया कि कार्यालय के उद्घाटन के दौरान उन्हें बाहर बुलाया गया और मिठाई खिलाने के बाद अरोड़ा ने टिकट नहीं मिलने को लेकर सवाल किया।
उन्होंने कहा, मैंने उनसे कहा कि हर कोई पार्टी का टिकट मांगता है, लेकिन टिकट एक ही व्यक्ति को मिल सकता है। मेरे इतना कहते ही मारपीट शुरू हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना की निंदा करते हुए इसे ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया और कहा कि यह पार्टी अनुशासन का उल्लंघन है।
गहलोत ने कहा कि मेघवाल के साथ मारपीट करने वाले लोग ‘कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं हो सकते’, क्योंकि इस तरह का व्यवहार पार्टी की संस्कृति और विचारधारा के खिलाफ है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।