जयपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन 
राजस्थान

कांग्रेस का 'वोट चोरी' के मुद्दे पर प्रदर्शन

पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पानी की बौछार की

Santosh Sharma

जयपुर : राजस्थान में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कथित 'वोट चोरी' के मुद्दे और मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर सोमवार को यहां विरोध प्रदर्शन किया और मार्च निकाला। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए पानी की बौछार की।

कांग्रेस ने 'वोट चोरी एवं राजस्थान नगर निकाय चुनाव में भाजपा की ‘बेईमानी’ के खिलाफ निर्वाचन आयोग का घेराव एवं प्रदर्शन की घोषणा की थी। इसको लेकर पार्टी के नेता यहां शहीद स्मारक पर जुटे। वहां पार्टी के राजस्थान मामलों के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता इकट्ठा हुए।

नेताओं के भाषण के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक से मार्च शुरू किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान जूली और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास को पार्टी कार्यकर्ताओं ने कंधों पर उठा लिया और वे नारे लगाते रहे।

पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खदेड़ने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार की।

इससे पहले गहलोत ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि देश में खतरनाक खेल खेला जा रहा है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सतर्क रहना होगा। यह 'करो या मरो' की लड़ाई है। कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच जाना चाहिए, देश के हालात को समझना चाहिए और देखना चाहिए कि वे लोकतंत्र को बचाने में कैसे योगदान दे सकते हैं।

राज्य में हालिया नगर निकाय चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वार्डों के मनमाने और गलत परिसीमन के कारण कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। गहलोत ने आरोप लगाया, सरकार ने नगर निकाय चुनाव में गुंडागर्दी की और पुलिस एवं प्रशासन का दुरुपयोग किया। गलत परिसीमन की वजह से हम चुनाव हार गये।

रंधावा ने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही है, जबकि कांग्रेस उसे बचाने के लिए लड़ रही है। कांग्रेस इस आंदोलन को आम जनता तक ले जाएगी और उन्हें इस मुद्दे के बारे में जागरूक करेगी।

डोटासरा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला करते हुए उन पर मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र को लूटा है। सोमवार का विरोध प्रदर्शन तो बस शुरुआत है; कांग्रेस कार्यकर्ता इस मुद्दे को लोगों तक ले जाएंगे।

इस प्रदर्शन को देखते हुए शहीद स्मारक पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान एमआई रोड पर यातायात का मार्ग भी बदला गया।

SCROLL FOR NEXT