नवीन बोले- ठोस रणनीति और आपसी समन्वय से काम करें भाजपा कार्यकर्ता

भाजपा अध्यक्ष ने निकाय चुनाव की सफलता पर दी बधाई
नितिन नवीन
नितिन नवीन
Published on: 

जयपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को यहां पार्टी के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से राजस्थान में आगामी पंचायत राज चुनाव में ठोस रणनीति और आपसी सहयोग, समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया।

नवीन ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय, स्वयं आखिर में’ की भावना को आत्मसात करते हुए जन सेवा के संकल्प को साकार करना भाजपा से जुड़े सभी जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में हालिया नगर निकाय चुनाव में मिली ऐतिहासिक सफलता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व, संगठन और कार्यकर्ताओं के परिश्रम एवं प्रभावी रणनीति का परिणाम है। उन्होंने कहा, जीत का सेहरा हम सभी का है और निकाय चुनाव को आगामी पंचायत चुनाव की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव मानकर आगे बढ़ना होगा।

उन्होंने कहा कि सफलता के साथ आत्मचिंतन और समीक्षा ही संगठन को निरंतर मजबूत और सही दिशा प्रदान करती है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाय चुनाव में सफलता प्राप्त करने वाले कार्यकर्ताओं को पंचायत चुनाव में सक्रिय रूप से लगाया जाए।

नवीन ने कहा कि सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जनता के बीच जाकर उनकी अपेक्षाओं और मांगों को समझकर योजनाएं बनाना तथा उनके क्रियान्वयन के दौरान जनता के साथ सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना ही सुशासन की पहचान है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याण और विकास के लिए एक से बढ़कर एक योजनाएं और कार्यक्रम लाए गए हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जनप्रतिनिधि क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहेंगे तो इन योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का यश जनता के बीच संगठन को जरूर मिलेगा।

नवीन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पार्टी की पकड़ को और मजबूत करने के लिए प्रत्येक पंचायत समिति, जिला परिषद और बूथ की राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों का सूक्ष्म आकलन किया जाए।

पार्टी के प्रवक्ता के अनुसार उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए संगठन को मजबूती, सक्रियता और जनता से सीधा संवाद रखते हुए कार्य करना होगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए राजस्थान में विकास की गति को निरंतर बनाए रखना आवश्यक है।उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि आगामी पंचायत चुनाव के लिए अभी से पूरी ताकत और मेहनत के साथ जुट जाएं।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्थानीय निकाय चुनाव में पार्टी की सफलता के लिए जनप्रतिनिधियों एवं चुनाव संचालन समिति के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता संगठन की मेहनत, समन्वित रणनीति और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है।

उन्होंने निकाय चुनावों के परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया है, वहां की रणनीति से सीख लेते हुए इसे पंचायत चुनाव में अपनाया जाना चाहिए।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेम चन्द बैरवा, पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, सहप्रभारी कविता पाटीदार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे।

नितिन नवीन
जोधपुर केमिकल फैक्टरी ब्लास्ट : 6 गंभीर घायल दमकलकर्मी जयपुर रेफर
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in