जयपुर : जयपुर में एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने उनकी पत्नी व ससुराल वालों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र थाने के थानाधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित युवक के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित जितिन कुमार सादुलशहर (गंगानगर) कस्बे का था और पिछले करीब आठ महीने से यहां मल्होत्रा नगर में किराए के फ्लैट में रह रहा था। वह विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में एक कारखाने में सेल्स मैनेजर के तौर पर काम करता था।
पुलिस के अनुसार जितिन ने एक अगस्त को अपने फ्लैट में कथित तौर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को जितिन का शव फंदे से लटका हुआ मिला।
सिंह ने बताया कि परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को चार पन्नों का कथित 'सुसाइड नोट' मिला। इसमें जितिन ने कथित तौर पर अपनी मौत के लिए पत्नी शेफाली, उसके माता-पिता और भाई यानी अपने साले को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने बताया कि उसने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी उसे अपनी बेटी से बात करने या मिलने नहीं देती थी और कथित तौर पर बच्चे का इस्तेमाल करके उससे पैसे की मांग करती थी।
अपनी शिकायत में जितिन के भाई पार्श्व गिल्होत्रा (29) ने आरोप लगाया कि शादी के तुरंत बाद ससुराल वाले उसके भाई को उसके रंग-रूप को लेकर ताने मारते थे और उस पर माता-पिता से अलग रहने का दबाव डालते थे।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उसके खिलाफ झूठा मामला दर्ज करवाया गया था। पुलिस ने बताया कि ताजा प्रकरण में जांच जारी है।