राज्य में ईद की नमाज अदा की गई 
राजस्थान

ईद पर राजस्थान में अमेरिका-इजराइल के खिलाफ प्रदर्शन, मस्जिदों में काले झंडे

राजधानी सहित कई शहरों में शिया और सुन्नी समुदायों के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किए

Santosh Sharma

जयपुर : राजस्थान के कई हिस्सों में शनिवार को ईद-उल-फितर के जश्न के दौरान ईरान पर हुए हमलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी हुए। राजधानी जयपुर सहित कई शहरों में शिया और सुन्नी समुदायों के लोगों ने अमेरिका व इजराइल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए।

जयपुर के आमेर इलाके में दोनों समुदायों की महिलाओं व बच्चों ने एक मार्च निकाला और उन्होंने अमेरिका व इजराइल के खिलाफ नारे लगाए तथा ईरान में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया।

आमेर किले के पास प्रदर्शनकारी पोस्टर लेकर इकट्ठा हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान में उनके धर्मगुरु की हत्या कर दी गई और उनका त्यौहार का यह मौका मातम में बदल गया है। शहर के सुभाष चौक पर भी शिया समुदाय के सदस्यों ने पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया।

सीकर और अजमेर से भी इसी तरह के विरोध प्रदर्शन के समाचार हैं। जहां इन समुदाय के लोगों ने विरोध जताने के लिए बांह पर काली पट्टी बांधकर ईद की नमाज अदा की वहीं कुछ मस्जिदों पर काले झंडे लगाए गए थे।

अजमेर में इमाम-ए-जुमा मौलाना सैय्यद तकी जाफर ने कहा कि समुदाय ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर शोक मना रहा है। इन विरोध प्रदर्शनों के बीच पूरे राज्य में ईद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। लोगों ने शांति के लिए दुआ की और एक-दूसरे को बधाई दी।

कई जगहों पर हिंदू समुदाय के सदस्यों ने नमाजियों पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।अधिकारियों ने जयपुर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

ईदगाह और जामा मस्जिद समेत प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस और अन्य बलों के जवान तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई इलाकों में ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है।

SCROLL FOR NEXT