मौसम  
राजस्थान

जयपुर समेत 13 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

राजस्थान में अक्टूबर के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है

Santosh Sharma

जयपुर : राजस्थान में अक्टूबर के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार को प्रदेश के पश्चिमी जिलों में बादल छाने के साथ बारिश हुई। दिनभर तेज धूप और गर्मी झेलने के बाद शाम होते-होते बाड़मेर, बालोतरा, जैसलमेर और फलोदी के कई इलाकों में मौसम बदल गया। हल्की से मध्यम बारिश के बाद रात में ठंडक बढ़ गई। वहीं, दूसरी तरफ पश्चिमी राजस्थान में दिन का तापमान अब भी 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच रहा है।

मौसम विभाग ने आज जयपुर सहित प्रदेश के 13 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है। 16 अक्टूबर को भी उत्तर-पूर्वी राजस्थान के जिलों में मौसम का असर बना रह सकता है। ऐसे में अगले दो दिन प्रदेश के कई हिस्सों में बादल, बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। इसके असर से 15 और 16 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश की संभावना है। जयपुर में भी बादल छाने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अलर्ट है।

मौसम के इस बदलाव के बीच कुछ इलाकों में तेज बारिश और ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, बारिश का असर सभी जिलों में एक जैसा नहीं रहेगा। कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, तो कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

बुधवार को पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में दिनभर गर्मी और तेज धूप का असर रहा। दोपहर करीब 3 बजे के बाद मौसम ने करवट लेनी शुरू की। आसमान में बादल छाए और शाम होते-होते बालोतरा, बाड़मेर, जैसलमेर और फलोदी के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

बारिश के बाद इन इलाकों में रात के तापमान और मौसम के अहसास में बदलाव देखने को मिला। दिनभर गर्मी से परेशान लोगों को शाम के बाद राहत मिली और वातावरण में ठंडक बढ़ गई। अक्टूबर के मध्य में रेगिस्तानी इलाकों में दिन के समय तेज गर्मी और रात में ठंडक का यह अंतर मौसम के बदलते मिजाज को दिखा रहा है।

SCROLL FOR NEXT