

जयपुर : राजस्थान के चूरू जिले में सरपंच का चुनाव लड़ने को लेकर परिवार में हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी गाड़ी से बेटे और बहू को कथित तौर पर कुचलकर मार डाला। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और वाहन जब्त कर लिया गया है।
तारानगर के पुलिस उपाधीक्षक रोहित सांखला ने बताया कि घटना चंगोई गांव में मंगलवार देर रात करीब पौने एक बजे की है।
उन्होंने बताया कि धर्मकांटा के संचालक रामचंद्र जाट (60) सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था लेकिन उसका बेटा रविंद्र (40) और बहू महिंद्रा (35) उसे चुनाव लड़ने से मना कर रहे थे। इस मुद्दे को लेकर परिवार में कई दिनों से विवाद हो रहा था।
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि मंगलवार रात भी घर पर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद रविंद्र और महिंद्रा धर्मकांटे पर चले गए। कुछ देर बाद रामचंद्र भी अपनी पत्नी धर्मा देवी के साथ वहां पहुंच गया और फिर से विवाद हो गया।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद जब रविंद्र और महिंद्रा घर लौट रहे थे तभी रास्ते में रामचंद्र ने अपनी कार से दोनों को कथित तौर पर कुचल दिया। इस घटना में दोनों की मौत हो गई।
उसने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और शवों को तारानगर के सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार, तारानगर क्षेत्र में पंचायत चुनाव के चौथे चरण में मतदान होना है। पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदान होगा।