दिवाली 
राजस्थान

दिवाली पटाखों से 112 घायल, SMS अस्पताल पहुंचे

पटाखों से झुलसने और आंखों में चोट के मामले बढ़े

Santosh Sharma

जयपुर : जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में पटाखों से झुलसने और आंखों में चोट लगने के 112 मामले आए। सवाई मानसिंह अस्पताल के बर्न एवं प्लास्टिक शल्य चिकित्सा विभाग के विभागाध्‍यक्ष डॉ. आर.के. जैन ने बताया कि दीपावली पर अस्पताल की आपातकालीन सेवा में पहुंचे 112 मामलों में 51 मरीज झुलसने से घायल थे जबकि 61 की आंखों में चोट आई थी।

उन्होंने बताया कि इनमें से झुलसने से घायल दो मरीजों और आंखों में चोट लगने से घायल 11 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया।

जयपुरिया अस्पताल के अधीक्षक डॉ. जीवराज राठौड़ ने बताया कि अस्पताल में झुलसने के करीब 20 मामले आए। उन्होंने बताया कि झुलसे मरीजों के उपचार के लिए अस्पताल में अलग बर्न इकाई नहीं होने के कारण इन मरीजों को सवाई मानसिंह अस्पताल भेजा गया।

सवाई मानसिंह अस्पताल के अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. प्रदीप शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दीपावली के दौरान छह से 11 नवंबर तक नियमित आपातकालीन सेवाओं के अतिरिक्त चिकित्सकों की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत नेत्र रोग, कान-नाक-गला, न्यूरोसर्जरी, निश्चेतना (एनेस्थीसिया) और बर्न एवं प्लास्टिक शल्य चिकित्सा विभाग के चिकित्सकों को 24 घंटे आपातकालीन सेवा में तैनात किया गया है।

उन्होंने बताया कि इन विभागों के चिकित्सकों की सुबह आठ बजे से अपराह्न दो बजे तक, अपराह्न दो बजे से रात आठ बजे तक और रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक पालीवार ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक विभाग से एक सहायक आचार्य और एक वरिष्ठ आवासीय चिकित्सक को तैनात किया गया है।

डॉ. प्रदीप ने बताया कि चिकित्सकों का मोबाइल नंबर सहित ड्यूटी रोस्टर भी तैयार किया गया है। नियमित आपातकालीन सेवाओं में चिकित्सा और शल्य चिकित्सा विभाग की व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी।

डॉ. शर्मा ने बताया कि पहले आंखों में चोट जैसे मामलों में संबंधित विभाग के चिकित्सक को फोन कर बुलाया जाता था। दीपावली पर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए नेत्र रोग विभाग के चिकित्सकों को सीधे आपातकालीन विभाग में तैनात किया गया है।

उन्होंने कहा कि दीपावली पर पटाखों से आंखों में चोट के मामले अधिक आते हैं। तेज आवाज वाले पटाखों से कानों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी रहती है। इसे देखते हुए कान-नाक-गला विभाग के चिकित्सकों को भी आपातकालीन विभाग में तैनात किया गया है।

डॉ. शर्मा ने बताया कि त्योहार के दौरान चिकित्सकीय सेवाएं प्रभावित नहीं हों, इसके लिए छह नवंबर से पहले ही छुट्टी पर जाने वाले चिकित्सकों को अवकाश दिया गया। छह से 11 नवंबर तक विशेष परिस्थितियों के लिए अतिरिक्त चिकित्सकों की व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था चिकित्सकों की नियमित ड्यूटी के अतिरिक्त है।

SCROLL FOR NEXT