पटाखों की चिंगारी से दुकानों में आग; कांग्रेस पार्षद व पति की मौत

हादसा पाली जिले के फालना कस्बे में स्वर्ण मंदिर के पास हुआ
Lightning Strike Ignites Poultry Farm in Nadia Karimpur
सांकेतिक फोटो
Published on: 

जयपुर : राजस्थान के पाली जिले में दीपावली की रात पटाखों की चिंगारी से एक कांग्रेस पार्षद की सौंदर्य प्रसाधन की दुकान में आग लग गई, जिसकी चपेट में आसपास की दो अन्य दुकानें भी आ गईं। हादसे में कांग्रेस पार्षद और उनके पति की मौत हो गई, जबकि उनके जेठ गंभीर रूप से झुलस गए।

मृतकों की पहचान खुडाला-फालना नगरपालिका के वार्ड संख्या 23 की कांग्रेस पार्षद ऊषा देवी पूनमिया (68) और उनके पति प्रकाश पूनमिया (70) के रूप में हुई है। ऊषा देवी की मौत दम घुटने से हुई, जबकि उनके पति आग में झुलसकर जिंदा जल गए।

हादसे में प्रकाश के बड़े भाई गौतम पूनमिया (73) भी दंपति को बचाने की कोशिश में गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फालना थाना प्रभारी पन्नाराम ने बताया कि हादसा रविवार रात करीब साढ़े दस बजे फालना कस्बे में स्वर्ण मंदिर के पास हुआ। सड़क पर कुछ लोग पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान पटाखे से निकली चिंगारी पूनमिया परिवार की दुकान के बाहर बिक्री के लिए रखे पटाखों पर गिर गई, जिससे आग लग गई।

परिवार ने अपनी सौंदर्य प्रसाधन और बैटरी की दुकान के बाहर पटाखों की दुकान भी लगा रखी थी। आग तेजी से फैल गई और दोनों दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।

थाना प्रभारी ने बताया कि आग से बचने के लिए ऊषा देवी दुकान के तहखाने में चली गईं, जहां धुआं भरने से दम घुटने के कारण उनकी मौत हो गई। उनके पति प्रकाश भी दुकान में फंस गए और आग में झुलसने से उनकी मौत हो गई। प्रकाश के भाई गौतम उन्हें बचाने के प्रयास में गंभीर रूप से झुलस गए।

आग बुझाने के लिए सुमेरपुर, बाली, सादड़ी और रानी से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। दमकलकर्मियों ने करीब 25 चक्कर लगाकर रविवार देर रात दो बजे आग पर काबू पाया। इस दौरान दुकान के तहखाने में करीब 10 फुट तक पानी भर गया।

इसके बाद दंपति की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया गया। दोनों के शव सोमवार सुबह करीब पांच बजे बरामद किए गए। आग में तीन दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं।

पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। दंपति का बेटा मुंबई में चार्टर्ड अकाउंटेंट है। घटना की सूचना मिलने के बाद वह फालना के लिए रवाना हो गया।

Lightning Strike Ignites Poultry Farm in Nadia Karimpur
पिता ने कुएं में लगाई छलांग, बचाने गए बेटे की मौत
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News