कोलकाता सिटी

कोलकाता में ‘जॉय-फ्रीडम राइड’, अमेरिका-भारत सुरक्षा साझेदारी को सलाम

कोलकाता में ‘जॉय-फ्रीडम राइड’ का आयोजन, भारत-अमेरिका सुरक्षा साझेदारी और 2002 के शहीद पुलिसकर्मियों को दी श्रद्धांजलि

कोलकाता, 8 जून: भारत और अमेरिका के बीच सुरक्षा सहयोग और साझा मूल्यों को सम्मान देने के लिए कोलकाता में पहली बार ‘जॉय-फ्रीडम राइड’ मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 2002 में अमेरिकन सेंटर पर हुए आतंकी हमले में शहीद हुए पांच कोलकाता पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि भी दी गई।

कार्यक्रम में अमेरिकी महावाणिज्यदूत कैथी गाइल्स-डियाज और पश्चिम बंगाल के कैबिनेट मंत्री दिलीप घोष ने भाग लिया। रैली के बाद अमेरिकन सेंटर में पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों पीयूष सरकार, उज्ज्वल बर्मन, सुरेश हेम्ब्रम, अनुप मंडल और शेख अशरफ अली को श्रद्धांजलि दी गई।

यह आयोजन ‘फ्रीडम 250’ अभियान का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य भारत-अमेरिका संबंधों में दशकों से चली आ रही साझेदारी और सहयोग को रेखांकित करना है।

कैथी गाइल्स-डियाज ने कहा कि जिस तरह एक मोटरसाइकिल को आगे बढ़ने के लिए दो पहियों की जरूरत होती है, उसी तरह भारत और अमेरिका की साझेदारी भी दोनों देशों के सहयोग पर आधारित है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, सुरक्षित और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र की साझा सोच दोनों देशों को आगे बढ़ाने का काम करती है।

सुबह आयोजित इस रैली में 250 से अधिक बाइक सवार शामिल हुए। इनमें अमेरिकी राजनयिक, भारतीय पुलिस अधिकारी, मोटरसाइकिल प्रेमी और कारोबारी प्रतिनिधि शामिल थे। रैली अमेरिकन सेंटर से शुरू होकर विक्टोरिया मेमोरियल, प्रिंसेप घाट और लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय से होकर गुजरी।

कार्यक्रम का आयोजन अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के ओवरसीज सिक्योरिटी एडवाइजरी काउंसिल (OSAC) के सहयोग से किया गया। स्पीड ग्रुप, पेप्सिको और हयात रीजेंसी कोलकाता ने भी आयोजन में सहयोग दिया।

आयोजकों के अनुसार, ‘जॉय-फ्रीडम राइड’ को भविष्य में एक वार्षिक परंपरा के रूप में विकसित करने की योजना है, ताकि भारत-अमेरिका सुरक्षा साझेदारी और शहीदों के बलिदान की स्मृति को जीवित रखा जा सके।

SCROLL FOR NEXT