रांची/मेदिनीनगर : झारखंड के पलामू जिले में कथित रूप से मिलावटी खाद्य तेल के सेवन से एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत के कुछ दिन बाद, उसी परिवार की एक महिला की रांची के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि कुलदीप महतो की पत्नी लाखो देवी (52) की मंगलवार देर रात रिम्स में मृत्यु हो गई। कुलदीप महतो की पहले ही मौत हो गई थी।
रिम्स के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. शिशिर ने कहा, सोमवार से लाखो देवी की हालत बिगड़ गई थी। उन्हें ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया था। मंगलवार देर रात उनकी मौत हो गई। यहां गंभीर हालत में भर्ती तीन मरीजों की मौत हो चुकी है, जिनमें दो महिलाएं थीं।
परिवार के तीन अन्य सदस्यों की इलाज के दौरान पलामू स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) में पहले ही मौत हो चुकी थी। अधिकारियों के अनुसार, मिलावटी खाद्य तेल के सेवन से ‘एपिडेमिक ड्रॉप्सी’ नामक बीमारी हुई। परिवार पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के सिक्का गांव निवासी है।
इस बीच, पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा, मामला काफी गंभीर है। उपचाराधीन परिवार के अन्य सदस्यों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव को सभी मरीजों का नि:शुल्क इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा, मिलावटी सरसों के तेल के कथित सेवन से मौतें हुई हैं। सिविल सर्जन की जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। यह बेहद दुखद घटना है। अधिकारियों ने बताया कि कुलदीप महतो के बड़े बेटे अनुज कुमार और एक पोते की हालत ठीक है, जबकि उनका दूसरा बेटा सुनील कुमार अभी उपचाराधीन है।