अश्विनी वैष्णव 
झारखंड

बजट 2026-27 में झारखंड की रेल परियोजनाओं के लिए 7,536 करोड़ रुपये आवंटित

इस राज्य में 63,470 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं का काम जारी

रांची : केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट में झारखंड में रेलवे परियोजनाओं को गति देने के लिए 7,536 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

उन्होंने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि इस राज्य में 63,470 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं का काम जारी है।

वैष्णव ने कहा, झारखंड को 12 से अधिक वंदे भारत और चार अमृत भारत ट्रेन आवंटित की गई हैं। राज्य में दो और अमृत भारत ट्रेन चलाने की योजना पर काम जारी है। प्रस्तावित दो अमृत भारत ट्रेन में से एक को धनबाद-कोयंबटूर मार्ग के लिए पहले ही मंजूरी मिल चुकी है और इसे बहुत जल्द शुरू किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि झारखंड में संपर्क परियोजनाएं लंबे समय से लंबित थीं। उन सभी परियोजनाओं के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है तथा मंजूरी लेने की प्रक्रिया जारी है।

मंत्री के अनुसार, झारखंड के रेल संपर्क में महत्वपूर्ण सुधार होने जा रहा है। रेलवे द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, वर्ष 2014 के बाद से झारखंड में रेल नेटवर्क का विस्तार तेजी से हुआ है।

विज्ञप्ति के अनुसार, वर्ष 2014 से अबतक लगभग 1,400 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाई गई हैं, जो संयुक्त अरब अमीरात के पूरे रेल नेटवर्क से भी अधिक है। इसमें बताया गया कि अमृत स्टेशन योजना के तहत झारखंड के कुल 57 स्टेशनों की पहचान पूर्ण रूप से पुनर्विकास के लिए की गई है। इस कार्य में कुल 2,153 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

इसी के साथ अमृत स्टेशन योजना के तहत जिन आठ स्टेशनों पर काम पूरा किया जा चुका है, उनमें गोविंदपुर रोड (चरण-1), राजमहल, शंकरपुर, साहिबगंज, मधुपुर, गोड्डा, लोहरदगा और पिस्का शामिल है।

SCROLL FOR NEXT