घटना CCTV में कैद 
झारखंड

रांची में RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला

पुलिस ने SIT गठित की, फोरेंसिक जांच और CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश तेज

रांची : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने बुधवार को आरोप लगाया कि रांची स्थित उसके कार्यालय पर मंगलवार देर रात पेट्रोल बम फेंके गए जिसके बाद पुलिस ने घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है।

RSS के पदाधिकारियों के अनुसार, घटना चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित संगठन के कार्यालय में रात करीब साढ़े 12 बजे हुई। रांची में RSS के मीडिया समन्वय प्रमुख स्निग्ध रंजन ने आरोप लगाया कि परिसर में पेट्रोल बम फेंके गए।

हालांकि, पुलिस ने कहा कि इस्तेमाल की गई वस्तुओं के बारे में सटीक जानकारी विस्तृत जांच के बाद ही पता चल सकेगी।

रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन ने कहा, घटनास्थल से कांच की दो बोतलों के टुकड़े बरामद हुए हैं। बोतलों में मौजूद पदार्थ का पता लगाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को बुलाया गया है।

उन्होंने कहा कि फोरेंसिक जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।घटना में शामिल लोगों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने इस घटना को राज्य की राजधानी में शांति भंग करने के उद्देश्य से रची गई ‘गंभीर साजिश’ करार दिया।

सेठ ने कहा, पेट्रोल बम फेंकने का उद्देश्य क्या था? इसका मकसद आग लगाना था क्योंकि पेट्रोल अत्यधिक ज्वलनशील होता है। ऐसा प्रतीत होता है कि रांची में अशांति फैलाने की साजिश रची गई।

रांची सिटी के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के. वी. रमन ने कहा कि जांचकर्ताओं ने इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है और कुछ संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया है।

उन्होंने कहा, हम इन सुरागों पर काम कर रहे हैं। शुरुआती जांच से पता चला है कि संदिग्धों ने एक निजी टैक्सी संभवतः किराए पर ली थी और घटना में दो लोग शामिल थे। हम जानकारी के अन्य स्रोतों की भी पड़ताल कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि घटना की जांच के लिए SIT गठित की गई है। जांच के तहत FSL की टीम और श्वान दस्ते को भी बुलाया गया है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने घटना को गंभीर चिंता का विषय बताया। मरांडी ने कहा, मैंने रांची के पुलिस अधीक्षक, उपायुक्त और पुलिस महानिदेशक (DGP) से बात कर घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने तथा उन्हें गिरफ्तार किए जाने का आग्रह किया है। मैंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए RSS कार्यालय के पास एक स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की भी मांग की है।

पुलिस ने कहा कि घटना की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT