रांची : झारखंड के हजारीबाग जिले में शुक्रवार को जंगली हाथियों के एक झुंड के हमले में एक परिवार के चार सदस्यों सहित छह लोगों की मौत हो गई। एक वन अधिकारी ने यह जानकारी दी।
हजारीबाग पूर्व के संभागीय वन अधिकारी (DFO) विकास कुमार उज्ज्वल ने को बताया कि पिछले कुछ दिनों में कई लोगों पर हमला कर चुका हाथियों का झुंड बृहस्पतिवार रात को चुरचू प्रखंड के गोंडवार गांव में घुस गया और शुक्रवार तड़के हाथियों के इस झुंड के हमले मे छह लोगों की मौत हो गई।
उज्ज्वल ने कहा, मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। एक बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
उन्होंने बताया कि बच्चे को इलाज के लिए हजारीबाग के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उज्ज्वल ने बताया कि हाथियों का यह झुंड पिछले कुछ दिनों से बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग जिलों में घूम रहा है और इस झुंड ने इससे पहले बोकारो में लोगों पर हमला किया था। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा, जब हाथियों का झुंड प्रखंड में दाखिल हुआ तो हमने सार्वजनिक संबोधन प्रणाली के जरिए ग्रामीणों को सतर्क किया था। दुर्भाग्यवश, छह लोगों की हाथियों के हमले में मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस बीच, अधिकारी ने बताया कि हाथियों के झुंड को इलाके से भगाने के लिए एक त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किया गया है।